Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिला फुटबॉल संघ में 24 साल से एक ही अध्यक्ष-सचिव:खिलाड़ियों ने निष्पक्ष चुनाव की मांग की, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा

INT News6 September 2026 at 03:53 pm

बैतूल में जिला फुटबॉल संघ (DFA) के पुनर्गठन और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर खिलाड़ियों और क्लब सदस्यों ने रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। उन्होंने खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया नियमों के तहत कराने और सभी संबद्ध क्लबों व पात्र सदस्यों को शामिल करने की मांग की। वहीं, DFA अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल का कहना है कि मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (MPFA) के निर्देश पर नई कार्यकारिणी बनाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सूची प्रदेश संघ को भेजी जा चुकी है। खिलाड़ियों ने ज्ञापन में कहा कि जिला फुटबॉल संघ के चुनाव की प्रक्रिया की पर्याप्त और आधिकारिक सूचना संबंधित खिलाड़ियों, क्लबों और सदस्यों को नहीं दी गई। इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि चुनाव की तारीख, समय और स्थान की जानकारी सभी संबंधित इकाइयों को पहले से दी जाए। साथ ही चुनाव में शामिल पात्र मतदाताओं और संबद्ध फुटबॉल क्लबों की अधिकृत सूची सार्वजनिक की जाए। MPFA के नियमों के पालन की मांग ज्ञापन देने वालों ने मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (MPFA) के नियम और संविधान के अनुसार चुनाव कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सूचना के बिना चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है तो निष्पक्षता सुनिश्चित होने तक उसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव की निगरानी के लिए फर्म एंड सोसाइटी और MPFA की ओर से अधिकृत ऑब्जर्वर नियुक्त करने की मांग भी की। 24 साल से अध्यक्ष हैं प्रमोद अग्रवाल खिलाड़ियों के मुताबिक, प्रमोद अग्रवाल करीब 24 साल से जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष और निलय डागा सचिव के पद पर हैं। इसी आधार पर पुराने पदाधिकारियों की जगह नए सिरे से संघ के गठन की मांग की जा रही है। DFA अध्यक्ष बोले- नई कार्यकारिणी की प्रक्रिया पूरी जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन ने उन जिला संघों को भंग कर नई कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए हैं, जहां पदाधिकारी 12 साल या उससे ज्यादा समय से पद पर हैं। अग्रवाल के मुताबिक, इसी निर्देश के तहत बैतूल में नई कार्यकारिणी बनाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसकी सूची प्रदेश संघ को भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वे पिछले कुछ वर्षों से जिला फुटबॉल संघ की गतिविधियों और कार्यवाहियों से सक्रिय रूप से दूर हैं। इसलिए नई कार्यकारिणी में किसका मनोनयन किया गया है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। बोले- किसी व्यक्ति का विरोध नहीं ज्ञापन देने वाले पूर्व खिलाड़ियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है। उनकी मांग है कि जिले में फुटबॉल संघ की व्यवस्था लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से संचालित हो। उन्होंने कहा कि सभी पात्र क्लबों और खिलाड़ियों को समान अवसर मिलना चाहिए और फुटबॉल के विकास के लिए सक्रिय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उनके मुताबिक, पारदर्शी व्यवस्था से खिलाड़ियों और क्लबों का संघ के प्रति विश्वास बढ़ेगा और जिले में फुटबॉल गतिविधियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। ज्ञापन देने वालों में: रमेश भाटिया, लल्ली वर्मा, हेमंत बबलू दुबे, जगेंद्र तोमर, सुरेश यादव, राकेश रक्कू शर्मा, शारिक खान, साहिब राव पंडाग्रे, जगदीप वर्मा, नितेश राजपूत, नारायण मिश्रा, विजय तहकीत, विजय पवार, रवि पटेल, कैलाश सहित अन्य पूर्व खिलाड़ी, खिलाड़ी और क्लब सदस्य मौजूद रहे।