Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर में दामाद ने ससुरालियों पर किया हमला:घर में घुसकर गंडासे से किया जानलेवा हमला; पत्नी, सास और साले की पिटाई

INT News6 September 2026 at 03:48 pm

जालंधर के थाना नंबर 7 के अधीन गढ़ा इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी, सास और साले के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथियों के साथ दो बार उनके घर में घुसकर हमला किया। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी करीब दो साल पहले गढ़ा निवासी रोहित कुमार प्रेमा से हुई थी। उसका आरोप है कि पति उस पर चरित्र को लेकर शक करता है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता है। पति के कथित मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर वह 18 अगस्त से गढ़ा बाजार स्थित अपने मायके के मकान नंबर 827 में रह रही थी। पीड़िता की मां गीता ने आरोप लगाया कि रोहित पत्नी को वापस ले जाने का दबाव बना रहा था। रविवार तड़के करीब 3:10 बजे वह अपने साथी बबली के साथ हथियार लेकर उनके घर पहुंचा। दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपियों ने कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों से मारपीट की। इस दौरान पीड़िता को जबरन साथ ले जाने का प्रयास भी किया गया। पिछला दरवाजा तोड़कर बेडरूम में घुसे युवक इसके बाद सुबह करीब 7 बजे आरोपी पांच अन्य युवकों को साथ लेकर दोबारा घर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने घर का पिछला दरवाजा तोड़कर बेडरूम में घुसकर सो रहे परिवार पर गंडासे और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पीड़िता की मां के सिर और कमर पर चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने थाना नंबर 7 में रोहित कुमार प्रेमा और बबली के खिलाफ शिकायत दी है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।