Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल में नोटों की गड्डी दिखाकर बुजुर्ग महिला से ठगी:नरसिंहगढ़ से इलाज कराने आई थी पीड़िता, दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

INT News6 September 2026 at 03:38 pm

भोपाल में नरसिंहगढ़ से इलाज कराने भोपाल आई 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दो बदमाशों ने नोटों की गड्डी का झांसा देकर ठग लिया। आरोपियों ने महिला को डराया कि आसपास बदमाश घूमते हैं और उसके सोने के जेवर छीन सकते हैं। इसके बाद कपड़े में लिपटी 500 रुपए के नोटों की गड्डी दिखाकर उसके बदले मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतरवा लिए। महिला को बाद में पता चला कि गड्डी में नोट नहीं, बल्कि सिर्फ कागज थे। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नक्कारखाना इलाके की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उनकी पहचान के लिए हमीदिया अस्पताल से नक्कारखाना गेट के बीच लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दवा लेने के बाद पीछे लग गए दोनों युवक पुलिस के मुताबिक, नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई पत्नी नाथूलाल वंशकार (62) त्वचा संबंधी बीमारी का इलाज कराने 3 सितंबर को हमीदिया अस्पताल आई थीं। डॉक्टर से परामर्श के बाद वह दवा लेने मेडिकल स्टोर गईं। वहां उन्हें करीब 30 साल का एक युवक और 16-17 साल का किशोर मिला। दवा लेने के बाद महिला ऑटो पकड़ने के लिए निकली तो दोनों उसके पीछे चलने लगे। दोनों ने मदद करने के बहाने महिला का बैग अपने हाथ में ले लिया और उसे पैदल चिरायु अस्पताल के पास नक्कारखाना गेट तक ले गए। आरोपियों ने कहा- जेवर बदमाश छीन लेंगे नक्कारखाना गेट के पास बड़े युवक ने महिला से कहा कि इलाके में बदमाश घूमते हैं और वे उसके सोने के जेवर छीन सकते हैं। इसके बाद उसने कपड़े में लिपटी 500 रुपए के नोटों की गड्डी दिखाई। उसने महिला से मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतारकर देने तथा बदले में गड्डी रखने को कहा। महिला के मुताबिक, वह उस समय घबरा गई थी और दोनों युवक जैसा कहते गए, वह वैसा ही करती गई। उसने अपने सोने के जेवर उतारकर दोनों को दे दिए। नाबालिग को बताया अपना बेटा आरोपी युवक ने साथ मौजूद किशोर को अपना बेटा बताया। इसके बाद उसने कागज में लिपटी गड्डी से 500-500 रुपए के तीन नोट निकाले और महिला से कहा कि उसका बेटा भूखा है और उसे सामान दिलाना है। इससे महिला को भरोसा हो गया कि गड्डी में वास्तव में नोट ही हैं। जेवर लेने के बाद दोनों ने महिला को ऑटो में बैठा दिया। वह सईद नगर स्थित अपनी बेटी के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने कपड़े में लिपटी गड्डी खोली तो उसमें नोटों की जगह सिर्फ कागज मिले। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस को शिकायत की।