Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार में युवक की हत्या कर शव नहर में फेंका:हथकड़ी से बंधे मिले दोनों हाथ, सिर पर चोट के निशान; पहचान नहीं

INT News6 September 2026 at 03:39 pm

हरियाणा के हिसार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैमरी गांव के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ मिला है। शक जताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को नहर में फेंक दिया। मृतक के दोनों हाथ पीछे की तरफ हथकड़ी से बंधे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलने के बाद आजाद नगर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। ऑनलाइन खरीदी गई हथकड़ी पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने जिस हथकड़ी से युवक के हाथ बांधे थे, वह पुलिस विभाग की नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने इसे ऑनलाइन मंगवाया था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कैमरी-मीरकां रोड स्थित नहर में राहगीरों ने बहते हुए शव को देखा और तुरंत आजाद नगर थाना पुलिस को खबर दी। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप ने बताया- युवक के दोनों हाथ पीछे हथकड़ी से बंधे हुए थे। शुरुआती जांच में यह सीधा-सीधा हत्या का मामला नजर आ रहा है। इस्तेमाल की गई हथकड़ी पुलिस महकमे की नहीं है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। डाबड़ा-सातरोड नहर की तरफ से बहकर आया शव पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि सातरोड नहर से डाबड़ा गांव की तरफ जो नहर निकलती है, शव उसी बहाव के साथ बहता हुआ मीरकां गांव के पास तक पहुंचा था। पुलिस अब नहर के ऊपरी बहाव वाले इलाकों में सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि मृतक की पहचान के साथ-साथ आरोपियों तक पहुंचा जा सके।