समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में जहरीली गैस से कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर:सीवर की सफाई करने उतरे थे, परिजन बोले-बिना सुरक्षा उपकरण के कराया जा रहा काम
फरीदाबाद के सेक्टर-25 में सोमवार को सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से 2 कर्मचारी बेहोश होकर सीवर के अंदर गिर गए। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर हालत में कर्मचारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सेक्टर-25 स्थित प्लॉट नंबर-132 में इंपिरियल ऑटो कंपनी संचालित है। प्लॉट मालिक की तरफ से सीवर की सफाई के लिए बाहर से 3 लोगों को काम पर बुलाया गया था। मृतक असलम, बंटी और उनका एक अन्य साथी पिछले करीब 3 दिनों से प्लॉट में सीवर की सफाई का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों सेक्टर-56 स्थित आशियाना के पास रहते हैं। सफाइ करने के लिए सीवर में उतरे सोमवार सुबह करीब 10 बजे असलम और बंटी सीवर की सफाई करने के लिए मैनहोल के अंदर उतरे। बताया जा रहा है कि सबसे पहले असलम नीचे गया और उसके बाद बंटी भी उसके पीछे सीवर में उतर गया। दोनों सफाई का काम कर रहे थे और धीरे-धीरे काफी नीचे चले गए। इसी दौरान मैनहोल के अंदर अचानक जहरीली गैस फैल गई। गैस की चपेट में आने से असलम बेहोश होकर सीवर के अंदर ही गिर गया। उसे बचाने के लिए बंटी भी नीचे गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। दोनों को सीवर के अंदर गिरता देखकर उनके तीसरे साथी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। लोगों ने किसी तरह बंटी को सीवर से बाहर निकाला और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल पहुंचाया। गैस की चपेट में आने से असलम की मौत हालांकि असलम काफी नीचे गिर गया था और उसे तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद असलम को भी सीवर से बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद असलम को मृत घोषित कर दिया। बंटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर है। बंटी की बहन सपना ने बताया कि उनका भाई अपने दोस्त असलम के साथ सुबह काम के लिए सेक्टर-25 पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि सीवर की सफाई करते समय बंटी सीवर के अंदर गिर गया है और उसकी हालत गंभीर है। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं। बहन ने लगाए आरोप सपना ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को सीवर की सफाई के लिए बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अंदर उतारा गया था। उनका कहना है कि यदि कर्मचारियों के पास जरूरी सेफ्टी उपकरण होते तो शायद यह हादसा नहीं होता। उन्होंने बताया कि बंटी शादीशुदा है और उसके 2 छोटे बच्चे हैं। वहीं असलम की उम्र करीब 35 वर्ष थी और वह अविवाहित था। बंटी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस बोलीं- मामले की जांच कर रहे पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर 56 थाना क्षेत्र में सीवर की सफाई के दौरान 2 युवक अंदर गए थे। सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से असलम की मौत हुई है, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों सेक्टर-56 आशियाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, सीवर की सफाई के लिए कर्मचारियों को किसने लगाया था और उनके पास सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।