Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पेड़ों पर लटकाए बिजली कंपनी के अफसरों के पुतले:सीहोर में बिजली के झूलते तारों से परेशान ग्रामीण, कुलांस नदी किनारे प्रदर्शन

INT News10 August 2026 at 09:42 pm

सीहोर जिले में बिजली व्यवस्था की समस्याओं के विरोध में किसानों ने अनोखा प्रदर्शन किया। छोटी कुलांस के जीवन लाल वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने कुलांस नदी किनारे पेड़ों पर विद्युत मंडल के अधिकारियों के पुतले लटकाकर विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि गांवों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे हैं। उनकी मरम्मत नहीं की जा रही है। किसानों के अनुसार कुलांस खुर्द, बिलकिसगंज, ढाबला, रामाखेड़ी, चंदेरी, बरखेड़ी, छोटी कुलांस, बड़ी कुलांस, भांडेली, बरबेली, श्यामपुर और खमरिया सहित कई गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की जरूरत है। कुलांस खुर्द में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग लंबे समय से लंबित होने का किसानों ने दावा किया है। कई बार दे चुके ज्ञापन किसानों ने बताया कि बिजली की समस्याओं को लेकर वे कई बार शिकायत और ज्ञापन दे चुके हैं। सीहोर से लेकर भोपाल स्थित एमडी कार्यालय, मुख्यमंत्री निवास, ऊर्जा मंत्री और प्रभारी मंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। नदी के जरिए मुख्यमंत्री तक आवाज पहुंचाने की कोशिश प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एक बैनर भी लगाया। इसमें कुलांस नदी के जरिए अपनी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की गई। किसानों का कहना है कि कुलांस नदी आगे जाकर भोपाल तालाब में मिलती है। इसी तालाब के किनारे मुख्यमंत्री का निवास है। किसानों ने प्रतीकात्मक रूप से नदी से अपील की कि वह बाढ़ के पानी के साथ पुतलों को भोपाल तालाब तक ले जाए। इससे उनकी बात मुख्यमंत्री तक पहुंच सके। अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर उन्हें हटाने की मांग की है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आगे भी अनोखे और लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध करने की बात कही। प्रदर्शन में रमेश चंद्र वर्मा, प्रीतम, रामस्वरूप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृशक्ति मौजूद रही।