समाचार · मध्य प्रदेश
क्लासरूम में एलईडी पर फिल्मी गाने, छात्र डांस करते दिखे:कटनी के सरकारी स्कूल का VIDEO, कक्षा में कोई टीचर नहीं था
कटनी जिले की बरही तहसील के बरनमहगवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल का सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट हुआ। इसमें छात्र-छात्राएं क्लासरूम में लगी स्मार्ट एलईडी टीवी पर तेज आवाज में फिल्मी गाने बजाकर डांस करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है। विद्यालय समय के दौरान संबंधित कक्षा में शिक्षक मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर छात्रों ने पढ़ाई के लिए दी गई स्मार्ट क्लास की एलईडी टीवी का दुरुपयोग किया। वीडियो में छात्र बिना किसी डर के फिल्मी गानों की धुन पर थिरकते दिख रहे हैं। क्लास में टीचर नहीं थे कक्षा में किसी भी शिक्षक या जिम्मेदार स्टाफ की अनुपस्थिति ने स्कूल में अनुशासन की कमी को उजागर किया है। जहां एक ओर सरकार डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लाखों रुपए खर्च कर स्कूलों में स्मार्ट टीवी और संसाधन उपलब्ध करा रही है, वहीं दूसरी ओर शिक्षकों की अनदेखी के कारण ये उपकरण मनोरंजन का साधन बन गए हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में गुस्सा है। पालकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और पढ़ाई के लिए सरकारी स्कूल भेजते हैं, लेकिन शिक्षकों की लापरवाही के कारण बच्चे पढ़ाई से भटक रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एस. एन. पांडेय ने बताया कि बरनमहगवा हाई सेकेंडरी स्कूल का वीडियो संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा, "पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि शिक्षकों या स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार सख्त और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"