समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में मास्टर प्लान सड़क का काम धीमा:सीवरेज-जलप्रदाय लाइन बनी बाधा, आयुक्त ने काम तेज करने के दिए निर्देश
इंदौर में मास्टर प्लान सड़क का काम कई जगह अधूरा है। सीवरेज और जलप्रदाय लाइन की शिफ्टिंग के कारण निर्माण की गति प्रभावित हो रही है। सोमवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सड़क के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण कर काम की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित विभागों और एजेंसियों को यूटिलिटी के काम जल्द पूरा करने के साथ सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। छावनी में सीवरेज काम तेज करने के निर्देश मास्टर प्लान सड़क के तहत छावनी क्षेत्र में चल रहे निर्माण के दौरान जगन्नाथ धर्मशाला की ओर से भी सड़क बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि काम जल्द पूरा हो सके। यहां अमृत-2 योजना के तहत सीवरेज लाइन डालने का काम चल रहा है। इसकी धीमी गति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को काम तेज करने के निर्देश दिए गए। लक्ष्मी मेमोरियल से जंजीरा वाला चौराहे तक अधूरा हिस्सा बनेगा निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल से जंजीरा वाला चौराहे तक सड़क का बीच का अधूरा हिस्सा पूरा करने के निर्देश दिए गए। यह काम पूरा होने के बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हो सकेगा। फिलहाल अधूरी सड़क के कारण इस हिस्से में आवाजाही प्रभावित है। मालवीय नगर में दूसरी पट्टी का काम शुरू होगा मालवीय नगर में सड़क की एक पट्टी का निर्माण चल रहा है। आयुक्त ने दूसरी पट्टी का काम भी शुरू करने के निर्देश दिए। हालांकि सड़क के दूसरी ओर जलप्रदाय लाइन डालने का काम बाकी है। इसके लिए जलप्रदाय विभाग और सड़क निर्माण एजेंसी के बीच समन्वय कर लाइन बिछाने का काम जल्द पूरा करने को कहा गया। फुटपाथ पर बोरिंग का काम रुकवाया, अनुमति की जांच होगी मालवीय नगर में निरीक्षण के दौरान फुटपाथ पर बोरिंग किए जाने का मामला सामने आया। प्रथम दृष्टया बोरिंग सरकारी जमीन के फुटपाथ वाले हिस्से में होती दिखाई दी। आयुक्त के निर्देश पर काम रुकवा दिया गया। जोनल अधिकारी को जांच कर यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि बोरिंग सरकारी जमीन पर की जा रही थी या नहीं और इसके लिए नियमानुसार अनुमति ली गई थी या नहीं। यूटिलिटी काम पूरे होने पर बढ़ेगी सड़क निर्माण की रफ्तार मास्टर प्लान सड़क के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण के साथ सीवरेज और जलप्रदाय लाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। इन कार्यों के कारण कई जगह निर्माण प्रभावित हो रहा है और अधूरे हिस्सों में यातायात भी बाधित है। आयुक्त ने संबंधित विभागों को यूटिलिटी के काम प्राथमिकता से पूरा कर सड़क निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।