समाचार · मध्य प्रदेश
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बोली- युवक ने पेट में मुक्का मारा:केंद्र पर शराब के नशे में हंगामा कर गेट बंद किया, मैहर पुलिस थाने ले गई
मैहर जिले के इटहरा गांव में एक आंगनबाड़ी केंद्र में युवक ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। युवक पर कार्यकर्ता से मारपीट और गालियां देने का भी आरोप लगा है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, युवक पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। वायरल वीडियो में युवक को आंगनबाड़ी केंद्र का गेट बंद करते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो के एक हिस्से में वह माफी मांगता हुआ भी दिख रहा है। पीड़िता ने क्या बताया? इटहरा निवासी श्रद्धा द्विवेदी (45) ने, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे वह केंद्र में शासकीय कार्य कर रही थीं। उस समय केंद्र में CHO शिवानी बाल्मीकि, सहायिका शर्मिला पाठक और ऊषा साकेत भी मौजूद थीं। इसी दौरान गांव का दिनेश पटेल शराब के नशे में केंद्र के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। शोर सुनकर जब श्रद्धा बाहर आईं, तो युवक ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब श्रद्धा ने उसे गाली देने से मना किया, तो दिनेश पटेल ने उनके पेट में मुक्का मार दिया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचीं CHO शिवानी बाल्मीकि के साथ भी युवक ने गाली-गलौज और अभद्रता की। आरोप है कि उसने आंगनबाड़ी केंद्र का गेट बाहर से बंद करने का प्रयास किया और वहां मौजूद सभी लोगों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद श्रद्धा ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस थाने लेकर आई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक के इस कृत्य से सरकारी कार्य में बाधा पहुंची और आंगनबाड़ी केंद्र का काम प्रभावित हुआ। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दिनेश पटेल के खिलाफ धारा 132, 296(ए) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।