समाचार · मध्य प्रदेश
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक गंभीर:सिंगरौली में टक्कर के बाद सड़क पर तड़पता रहा युवक; राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक चला रहा युवक बुरी तरह घायल हो गया है, जिसके सिर में गंभीर चोट आई है। टक्कर के बाद सड़क पर तड़पता रहा युवक घायल युवक की पहचान बद्री सिंह के रूप में हुई है। बरका चौकी क्षेत्र के महरैल गांव में हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसकी वजह से मोड़ या रास्ते पर अचानक नियंत्रण खो गया और गाड़ी सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत बुलाई एंबुलेंस हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए घायल को सड़क के किनारे किया और फौरन 108 एंबुलेंस को फोन किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। नशे में होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मुस्कोले ने बताया कि बरका पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। शुरुआती जांच और जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में था, जिस वजह से तेज रफ्तार गाड़ी पर से उसका संतुलन बिगड़ गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और स्थिति अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।