Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर के युवक से 11 लाख रुपए ठगे:न्यूजीलैंड भेजने और दो साल का वर्क परमिट दिलाने का झांसा, कुरुक्षेत्र के युवक-युवती पर केस

INT News6 September 2026 at 02:33 pm

यमुनानगर के रटौली गांव निवासी एक युवक को न्यूजीलैंड में दो साल का वर्क परमिट दिलाकर अच्छी कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित कंसल्टेंसी से जुड़े एक युवक और युवती ने पहले विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और फिर वीजा व टिकट के नाम पर उसे लंबे समय तक टालते रहे। इतना ही नहीं, युवक को कथित तौर पर न्यूजीलैंड की कंपनी का फर्जी इंप्लॉयमेंट एग्रीमेंट भी भेज दिया गया। जब पीड़ित ने अपने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। फरकपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों ने घर आकर किया विदेश भेजने का दावा शिकायतकर्ता मनींदर सिंह निवासी गांव रटौली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे फेसबुक के माध्यम से कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित कान्हा कंसल्टेंसी के बारे में पता चला था। कंसल्टेंसी की टीम की ओर से सोनिया कांबोज ने उससे संपर्क किया और विदेश जाने की इच्छा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद प्रमोद कुमार उसके घर आया और दोनों के विदेश भेजने के काम में साथ होने की बात कही। आरोपियों ने उसे न्यूजीलैंड में वर्क परमिट पर भेजने, अच्छी कंपनी में नौकरी लगवाने तथा रहने-खाने की सुविधा कंपनी की ओर से उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इसके लिए करीब 12 लाख रुपये खर्च बताया गया। जिसमें से 11 लाख रुपए अलग-अलग समय पर पहले ही ले लिए। वीजा और टिकट के नाम पर करते रहे टालमटोल आरोप है कि पैसे लेने के बाद जब न्यूजीलैंड जाने के वर्क वीजा और टिकट के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी उसे अलग-अलग बहाने बनाकर टालते रहे। शिकायत के अनुसार 11 सितंबर 2025 को सोनिया कांबोज की ओर से कंसल्टेंसी की ई-मेल भेजकर 10-12 दिनों में वीजा दस्तावेज और टिकट देने का भरोसा दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उसका काम नहीं हुआ। मामले में नया मोड़ तब आया जब 3 अक्टूबर 2025 को न्यूजीलैंड की एक कंपनी का कथित इंप्लॉयमेंट एग्रीमेंट शिकायतकर्ता को भेजा गया। मनींदर के अनुसार जब इसकी जांच कराई तो वह फर्जी पाया गया। शिकायत में आरोप है कि यह दस्तावेज आरोपियों ने खुद तैयार किया था। पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी का आरोप शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से अपने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे तो वे भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी और बाद में उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।