Saturday, 19 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहारशरीफ में 1.50 करोड़ रुपये से पहला इंद्रधनुषी फुटब्रिज बनकर तैयार, इस इलाके की बदलेगी तस्वीर

INT News19 September 2026 at 02:43 pm

Bihar Sharif Footbridge Update: बिहारशरीफ के लोगों के लिए आवागमन के क्षेत्र में एक नई सुविधा तैयार हो गई है. आशानगर सूर्य मंदिर के पास पंचाने नदी पर पहला इंद्रधनुषी फुटब्रिज तैयार हो गया है. लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से पैदल आवागमन आसान होने के साथ इलाके के सौंदर्यीकरण को भी नया रूप मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना से हुआ निर्माण

फुटब्रिज का निर्माण मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कराया गया है. परियोजना का क्रियान्वयन बिहार अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन यानी बुडको की देखरेख में हुआ है. पुल का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है.

फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में

बुडको के सहायक अभियंता कुंदन कुमार त्रिपाठी की माने तो, फुटब्रिज का मुख्य ढांचा और निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. पुल को चालू करने से पहले रंग-रोगन समेत कुछ अंतिम कार्य बाकी हैं. इन कामों के पूरा होने के बाद फुटब्रिज को औपचारिक रूप से आम लोगों के लिए खोला जाएगा.

आशानगर और बसारबिगहा के बीच सीधा संपर्क

फुटब्रिज शुरू होने के बाद आशानगर और बसारबिगहा के लोगों को सबसे ज्यादा सुविधा मिलने की उम्मीद है. अभी दोनों इलाकों के बीच आने-जाने के लिए लोगों को किसान कॉलेज मार्ग से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. पंचाने नदी पर पैदल आवागमन का सीधा रास्ता मिलने से स्थानीय लोगों का समय और दूरी दोनों कम होंगे.

रोजमर्रा के आवागमन में मिलेगी राहत

सीधे संपर्क मार्ग के अभाव में दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और किसानों को आवागमन में परेशानी होती थी. फुटब्रिज शुरू होने के बाद इन दोनों इलाकों के बीच पैदल आने-जाने का एक वैकल्पिक और छोटा मार्ग उपलब्ध होगा. इससे स्थानीय स्तर पर आवागमन की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है.

छठ में व्रतियों के लिए होगी खास सुविधा

आगामी छठ महापर्व को देखते हुए फुटब्रिज का उपयोग काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आशानगर स्थित सूर्य मंदिर में छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. पुल चालू होने के बाद आशानगर और बसारबिगहा की ओर से आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को मंदिर और छठ घाट तक पहुंचने में सीधा पैदल मार्ग मिल सकेगा.

सूर्य मंदिर तक पहुंचना होगा आसान

छठ के दौरान घाट और सूर्य मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को पहले लंबा रास्ता तय करना पड़ता था. फुटब्रिज शुरू होने के बाद पंचाने नदी को पार करने के लिए सीधा पैदल संपर्क उपलब्ध होगा. इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और व्रतियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.

इंद्रधनुषी रंगों से बदलेगा नदी के किनारे का लुक

फुटब्रिज को इंद्रधनुषी रंगों में तैयार किया गया है. इसकी रंगीन संरचना पंचाने नदी के आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रूप दे रही है. इससे पुल केवल आवागमन का साधन ही नहीं, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण का भी हिस्सा बनता नजर आ रहा है.

Also Read: 'गाड़ी में भी गुंडा, घर में भी गुंडा', अनंत सिंह के आरोपों पर नीरज कुमार भड़के, कहा- ये आदमी मेंटली डिस्टर्ब है