समाचार · पंजाब
कांग्रेस नेता गुरप्रीत विक्की को पुर्तगाल के नंबर से धमकी:बंबीहा गैंग का नाम लेकर सिद्धू मूसेवाला के पिता के खिलाफ बयानबाजी रोकने को कहा
मानसा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरप्रीत सिंह विक्की को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह धमकी उन्हें पुर्तगाल के एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से दी गई है। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए उन्हें सिद्धू मूसेवाला और उनके पिता बलकौर सिंह के खिलाफ बयानबाजी तुरंत बंद करने की चेतावनी दी है। धमकी देने वाले शख्स ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि गुरप्रीत विक्की ने सिद्धू मूसेवाला और उनके पिता के खिलाफ बयान देना बंद नहीं किया, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। दरअसल, हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान गुरप्रीत सिंह विक्की ने सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी। पुलिस ने शुरू की जांच धमकी मिलने के बाद कांग्रेस नेता ने तुरंत कोटधर्मू पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मानसा सदर थाना पुलिस ने गुरप्रीत सिंह विक्की की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस अंतरराष्ट्रीय नंबर और कॉल की लोकेशन को ट्रेस करने में जुटी है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के हैं करीबी गुरप्रीत सिंह विक्की कांग्रेस के पुराने और सक्रिय नेता हैं। उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का बेहद करीबी माना जाता है। वह आगामी विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।