Saturday, 19 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पानीपत में पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ का धरना:पंचायत मंत्री पंवार का आवास घेरा, बोले- ट्रेनिंग के बाद नहीं बढ़ाई तनख्वाह

INT News19 September 2026 at 02:48 pm

हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर पानीपत जिले के मतलौढ़ा में स्थित पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार के निवास स्थान पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। मंत्री कृष्ण लाल पंवार अपने घर पर नहीं थे, इसलिए सभी कर्मचारी गेट के बाहर बैठ गए। संघ के प्रधान विकास दादरी ने बताया कि हरियाणा सरकार उनका शोषण कर रही है। उन्हें 8 घंटे की ड्यूटी के लिए हर महीने सिर्फ 6,000 रुपए दिए जा रहे हैं, जो देश में कहीं भी नहीं है। इससे उनके घर का गुजारा नहीं हो पा रहा है। 'ट्रेनिंग के बाद नहीं बढ़ाई तनख्वाह' उन्होंने बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटरों ने 2-2 टेस्ट पास करके यह नौकरी हासिल की थी। शुरुआत में ट्रेनिंग के लिए 6,000 रुपए देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन ट्रेनिंग के बाद भी तनख्वाह में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। विकास दादरी ने कहा कि हरियाणा सरकार इन कर्मचारियों से हर तरह के काम करवाती है। गांव में सरकार की योजनाओं के फॉर्म भरने, सर्वे करने और दूसरे कई काम उनसे ही करवाए जाते हैं। लेकिन 8 घंटे की ड्यूटी के लिए उन्हें हर महीने 6,000 रुपए ही मिलते हैं, जो बहुत कम हैं। टेक्निकल कर्मचारी का दर्जा और तनख्वाह बढ़ाने की मांग कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें टेक्निकल कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और उनकी तनख्वाह बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि वे हर स्तर पर ज्ञापन दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत मंत्री के घर के सामने बैठकर फिर से अनुरोध किया जाएगा कि या तो उन्हें उनके काम के हिसाब से पैसा दिया जाए, नहीं तो मंत्री कृष्ण लाल पंवार के आने तक धरना जारी रहेगा, चाहे इसमें एक, 2 या 3 दिन लगें। इस मौके पर महामंत्री अनुज सोनीपत, उप प्रधान बिंदु अंबाला, मंत्री मनप्रीत अंबाला, गौतम जून, कोषाध्यक्ष संजय शुभ और विनोद राम रतन विकलांग आजाद सिंह भालसी मौजूद थे।