समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर के निदान वॉटरफॉल में फंसे दो युवक:पुलिस-वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू; वॉटरफॉल घूमने गए थे
जबलपुर के निदान वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने गए दो युवक अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना मानसून के दौरान पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ के बीच हुई। कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के अनुसार, अधारताल निवासी 23 वर्षीय आर्यन बर्मन और कंचनपुर निवासी 24 वर्षीय हर्ष शुक्ला शाम करीब 5 बजे निदान वॉटरफॉल घूमने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हुई तेज बारिश के कारण जलप्रपात का जलस्तर अचानक अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे बीच धारा में फंस गए। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में कुछ चुनौतियां आईं। रात 8 से 9 बजे के बीच पुलिस और वन विभाग की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना ने जबलपुर के पाटन स्थित बगदरी वॉटरफॉल में हुए एक पुराने हादसे की यादें ताजा कर दी हैं। उस घटना में अचानक जलस्तर बढ़ने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मृत्यु हो गई थी। यह हादसा मानसून के दौरान जलप्रपातों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। बारिश होते ही सुरक्षित स्थान पर जाएं वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को हिदायत दी है कि बरसात के दिनों में जैसे ही आसमान में बादल छाएं या हल्की बूंदाबांदी शुरू हो, पर्यटकों को तुरंत वॉटरफॉल के डेंजर जोन से हटकर 'सेफ साइड' सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए। जलप्रपातों के आसपास रात के समय जाने से बचना चाहिए।