समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में दृष्टिहीन को चिकन खिलाने का VIDEO, विरोध शुरू:यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत; आरोपी बोला- उसने खुद खाने की इच्छा जताई थी
छतरपुर के चंदला क्षेत्र में एक दृष्टिहीन और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को चिकन खिलाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। इस मामले से क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे अमानवीय कृत्य बताते हुए आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ चंदला थाने में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित मानसिक रूप से अस्वस्थ है और दोनों आंखों से देख नहीं सकता। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपने परिवार की निगरानी में रह रहा था। चार दिन पहले वह घर से निकलकर चंदला पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे चिकन खिलाया, पूरी घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया। बड़ी संख्या में लोग चंदला थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ताओं ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाए और सोशल मीडिया से वीडियो तत्काल हटवाया जाए। थाना प्रभारी नहीं मिले, फोन पर दी जानकारी शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब वे थाने पहुंचे, तब थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। इसके बाद उन्होंने फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी। उनका कहना है कि किसी असहाय, दृष्टिहीन और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की बेबसी का मजाक बनाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी का पक्ष- उसने खुद चिकन खाने की बात कही थी आरोपी भगवानदास अहिरवार का कहना है कि वह खाना खा रहा था, तभी संबंधित व्यक्ति उसके पास आया और बोला कि वह दो दिन से भूखा है तथा उसे खाना खिला दिया जाए। उसके मुताबिक, उस दिन घर में आलू-टमाटर की सब्जी और चिकन दोनों बने थे। उसने पूछा कि क्या खाना है, तो संबंधित व्यक्ति ने सब्जी के बजाय चिकन खाने की इच्छा जताई। आरोपी का दावा है कि उसका किसी की भावनाएं आहत करने या जानबूझकर चिकन खिलाने का कोई इरादा नहीं था।