समाचार · छत्तीसगढ़
शिक्षक सम्मान के साथ स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर:शिक्षक दिवस पर रिटायर्ड शिक्षकों का सम्मान; 6 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
बेमेतरा में शिक्षक दिवस और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर ग्राम जेवरा में शिक्षक सम्मान समारोह, स्वास्थ्य परामर्श-चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ बिलासपुर संभाग के डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर हर साल की परंपरा के तहत आयोजित किया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्वास्थ्य शिविर में गांव और आसपास के लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह ली। वहीं, रक्तदान शिविर में 6 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिक्षक सम्मान समारोह में क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों और आयोजक डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। शिक्षकों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज और देश के भविष्य को दिशा देते हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। जन्मदिन पर सेवा कार्य की परंपरा डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षक दिवस के दिन ही उनका जन्मदिन भी आता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर होने के नाते वे सेवा को प्राथमिकता देते हैं और शिक्षक उनके जीवन में खास स्थान रखते हैं। आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए जन्मदिन को शिक्षक सम्मान और चिकित्सा सेवा के जरिए मनाने से उन्हें संतुष्टि मिलती है। विधायक ने पहल को सराहा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। जेवरा में डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी द्वारा हर साल सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। उन्होंने सभी शिक्षकों को नमन करते हुए उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।