Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सगे पिता ने नाबालिग बेटे से किया दुष्कर्म:मां के जाते ही राजीनामे के बहाने घर में घुसा, बेटी से दुष्कर्म में जेल जा चुका आरोपी

INT News6 September 2026 at 02:45 pm

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बेटे से उसके पिता द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 16 अगस्त को मां के काम पर जाने के बाद पिता राजीनामे की बात कहकर घर पहुंचा और बेटे को कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। जाते समय उसने बेटे को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के करीब 20 दिन बाद डरे-सहमे बेटे ने मां को रोते हुए आपबीती बताई। इसके बाद मां उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची, जहां पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। राजीनामे की बात कहकर घर में घुसा पीड़ित की मां ने बताया कि वह घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती है और उसका पति पिछले 14 साल से उससे अलग रह रहा है। दोनों के बीच कोर्ट में केस भी चल रहा है। 16 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे वह काम पर गई थी। इसी दौरान उसका पति घर पहुंचा और बेटे से कहा कि उसकी मां से राजीनामे की बात हो गई है। इसके बाद वह बेटे को कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते समय आरोपी ने बेटे को धमकी दी कि अगर उसने मां या किसी और को कुछ बताया तो उसे जान से मार देगा। 20 दिन तक डरा-सहमा रहा बेटा घटना वाले दिन शाम करीब 4 बजे मां जब काम से घर लौटी तो बेटा रो रहा था और उसने खाना भी नहीं खाया। इसके बाद से वह गुमसुम और डरा-सहमा रहने लगा। करीब 20 दिन बाद मां ने उसे प्यार से पास बैठाकर भरोसा दिलाया तो बेटा बिलखकर रोने लगा और उसने पिता की करतूत के बारे में बताया। इसके बाद मां बेटे को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। 2024 में बेटी से दुष्कर्म के मामले में जेल गया पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2024 में अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बहोड़ापुर थाना टीआई आलोक परिहार ने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ कुकर्म, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।