समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में जंगल से तीन भैंसें बरामद:ग्रामीणों ने लोडिंग वाहन सहित दो संदिग्धों को दबोचा
शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के बरखाड़ी गांव में भैंस चोरी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी कर ले जाई जा रही तीन भैंसें बरामद कर ली गईं। ग्रामीणों ने एक लोडिंग वाहन सहित दो संदिग्धों को पकड़ लिया। दोनों को रातभर गांव में रखने के बाद शुक्रवार सुबह नरवर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बरखाड़ी गांव निवासी फेरन कुशवाह ने बताया कि गुरुवार को उनकी मां भैंसों को चराने के लिए जंगल ले गई थीं। दोपहर में खाना खाने के बाद जब वह करीब 2 बजे वापस जंगल पहुंचीं तो तीनों भैंसें गायब थीं। इसी दौरान गांव के धर्मेंद्र कुशवाह के मवेशी भी लापता होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। तलाश के दौरान टुकी गांव की नर्सरी के पास एक लोडिंग वाहन मिला। उसमें फेरन कुशवाह की तीनों भैंसें बंधी हुई थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों से दो लोगों को पकड़ लिया। वाहन चालक को नहीं बताया की भैंस चोरी की हैं
एक व्यक्ति ने अपनी पहचान नरवर निवासी दीपक जाटव के रूप में बताई। उसने कहा कि लोडिंग वाहन उसका है। वह नरवर निवासी विनोद बघेल के कहने पर वाहन लेकर आया था। दीपक के अनुसार, उसे यह नहीं बताया गया था कि भैंसें चोरी की हैं। उसे कहा गया था कि परिचित की भैंसें पिछोर छोड़नी हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने विनोद बघेल को भी पकड़ लिया। पूछताछ में विनोद ने टुकी गांव निवासी चुन्ना गुर्जर का नाम लिया। उसने बताया कि चुन्ना से उसकी पहचान 'नाल उठाने' की प्रतियोगिता के दौरान हुई थी। चुन्ना ने भैंसों को अपने रिश्तेदार की बताकर उन्हें ले जाने के लिए कहा था। हालांकि, विनोद ने चोरी की जानकारी होने से इनकार किया। ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों और लोडिंग वाहन को नरवर पुलिस के हवाले कर दिया। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि भैंस चोरी के मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।