समाचार · हरियाणा
हांसी में जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ:पंचायती भूमि पर लगाए एक हजार से ज्यादा पौधे; SDM ने दिया संदेश
हरियाणा के हांसी जिले के गांव मसूदपुर की करीब पांच एकड़ पंचायती भूमि पर शुक्रवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। वन विभाग द्वारा इस अवसर पर एक हजार से अधिक पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में एसडीएम राजेश खोथ मुख्य अतिथि और हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत रेंज फॉरेस्ट अधिकारी रमेश यादव ने अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट कर की। इस दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूर्व में लगाए पौधों का किया निरीक्षण इससे पहले, एसडीएम राजेश खोथ ने 'मेरी हरी-भरी हांसी' अभियान के तहत पूर्व में लगाए पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने उनके संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पौधा तभी सफल माना जाएगा जब उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनाया जाए। एसडीएम राजेश खोथ ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी जरूरी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना है। पौधों की देखभाल करने का आह्वान विशिष्ट अतिथि राजेश ठकराल ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ये रहे शामिल कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर ब्लॉक समिति अध्यक्ष शीला यादव, बीडीपीओ अशोक मेहरा, सरपंच मेनका, सुभाष यादव, रेंज फॉरेस्ट अधिकारी रमेश यादव, सौरव कथूरिया, बीडीसी सदस्य सुशीला, सतवीर शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।