समाचार · छत्तीसगढ़
हिड़मा पर बयान को लेकर BJP का कांग्रेस पर हमला:सत्यनारायण सिंह बोले- माफी नहीं मांगी तो सड़क से सदन तक आंदोलन
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के कथित हिड़मा संबंधी बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की शांति, लोकतंत्र और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों और निर्दोष आदिवासियों का अपमान बताया। सत्यनारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव को अपने बयान के लिए जनता और शहीदों के परिवारों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा हिड़मा जैसे नक्सली का महिमामंडन करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हिड़मा पर लगाए गंभीर आरोप भाजपा नेता ने कहा कि हिड़मा झीरम घाटी, ताड़मेटला और बीजापुर-सुकमा समेत कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिड़मा की वजह से कई जवान और निर्दोष आदिवासी अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे व्यक्ति की तारीफ करना गलत संदेश देता है। कांग्रेस की सोच पर उठाए सवाल सत्यनारायण सिंह ने कहा कि जब भाजपा सरकार बस्तर में विकास कार्य कर रही है और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तब कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान उनकी सोच पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना रुख साफ करने की मांग की। कांग्रेस नेतृत्व से पूछा सवाल भाजपा नेता ने कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व से पूछा कि क्या वे अपने विधायक के इस बयान से सहमत हैं। अगर नहीं, तो अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। प्रदर्शन की दी चेतावनी उन्होंने कहा कि अगर अटल श्रीवास्तव जल्द सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगते, तो भाजपा इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक विरोध प्रदर्शन करेगी। साथ ही कहा कि नक्सली हिंसा में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।