Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रेहटी में मूंग खरीदी मांग पर किसानों का प्रदर्शन:सैकड़ों ट्रैक्टरों संग रैली निकाली, मुख्य मार्ग दो घंटे जाम

INT News15 July 2026 at 09:36 pm

सीहोर जिले के बुधनी स्थित रेहटी में किसानों ने 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया। सैकड़ों ट्रैक्टरों और बड़ी संख्या में किसानों ने नगर में रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। किसानों ने लगभग दो घंटे तक मुख्य मार्ग जाम रखा और सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में जिले के विभिन्न गांवों से किसान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ रेहटी कृषि उपज मंडी परिसर में जुटने लगे। मंडी परिसर में एक किसान सभा का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। सभा के बाद किसान सैकड़ों ट्रैक्टरों और पैदल नगर में रैली के रूप में निकले। यह रैली कृषि मंडी से शुरू होकर जीरो पॉइंट तक पहुंची और फिर वापस मंडी परिसर लौटी। रैली के दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। रैली के बाद किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। आंदोलन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। बाद में किसानों ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन बुधनी के एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद किसानों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ। किसानों की प्रमुख मांगों में प्रदेश में उत्पादित मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित करना, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था को समाप्त करना ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके, और किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करना शामिल है।