Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खरगोन में रेबीज संक्रमित सांड की मौत:तीन घंटे तक मचाया था उत्पात, क्वॉरेंटाइन में था

INT News15 July 2026 at 09:29 pm

खरगोन में रेबीज संक्रमित सांड की बुधवार को मौत हो गई। इस सांड ने मंगलवार को शहर में तीन घंटे तक उत्पात मचाया था। पशु चिकित्सा टीम की निगरानी में उसे नगर पालिका के कांजी हाउस में क्वॉरेंटाइन में रखा गया था, जहां रेबीज की पुष्टि हुई थी। मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे यह सांड एसपी कार्यालय परिसर में घुस आया था। लगभग दो घंटे तक वह परिसर में उग्र अवस्था में घूमता रहा, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर गौरक्षक और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के प्रयास के दौरान सांड और भड़क गया और करीब सात फीट ऊंचा बंद गेट लांघकर बाजार में भाग गया। वहां उसने दो आम के ठेले और तीन बाइक पलट दीं, जिससे लगभग आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। नगर पालिका के पंप हाउस परिसर में गौसेवक जिलाध्यक्ष सतीश राठौर के नेतृत्व में टीम ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद रस्सी के फंदे से उसे सुरक्षित पकड़ा। इसके बाद उसे कांजी हाउस में अलग से क्वॉरेंटाइन में रखा गया था। पशु चिकित्सक डॉ. आदित्य राज परमार के अनुसार, सांड में रेबीज की पुष्टि सलाइवा और अन्य लक्षणों के आधार पर की गई थी, हालांकि उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। उपचार और निगरानी के दौरान बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई। डॉ. परमार ने बताया कि रेबीज का कोई उपचार नहीं है, इसलिए एहतियात के तौर पर पशुओं को आवश्यक टीके लगवाने चाहिए।