Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हैदराबाद में आग में झुलसा रिसार, मां बेटे की मौत:सतना लाते समय दम तोड़ा; पिता और बेटे की हालत गंभीर

INT News15 July 2026 at 09:30 pm

सतना जिले का एक परिवार तेलंगाना के हैदराबाद में गैस सिलेंडर रिसाव के कारण लगी आग में झुलस गया। इस हादसे में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के बाद एंबुलेंस से सतना लाया जा रहा था, तभी रास्ते में मां और बेटी ने दम तोड़ दिया। पिता और बेटा गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल में भर्ती हैं। यह घटना रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के हिनौती गांव के साकेत परिवार के साथ हुई। परिजनों के अनुसार, हिनौती निवासी शिव प्रसाद साकेत कई वर्षों से हैदराबाद की एक बिस्कुट फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। लगभग एक माह पहले उनकी पत्नी रानी साकेत (38), बेटा शेरबहादुर (15) और बेटी निधि (17) भी उनके साथ हैदराबाद चले गए थे। परिवार मधुवन क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था। बताया गया कि 9 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे रानी साकेत चाय बनाने के लिए गैस जलाने पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण कमरे में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के चारों सदस्य उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल उस्मानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन हैदराबाद पहुंचे। मंगलवार को वे एंबुलेंस से चारों को सतना लेकर रवाना हुए। इसी दौरान रास्ते में रानी साकेत और उनकी 17 वर्षीय बेटी निधि की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे शिव प्रसाद साकेत और उनके पुत्र शेरबहादुर को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार जारी है। इस हादसे के बाद हिनौती गांव में शोक का माहौल है।