समाचार · झारखंड
झारखंड-ओडिशा के लिए 3,907 करोड़ रुपये की रेल परियोजना को मंजूरी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने PM का जताया आभार

सरायकेला से शचींद्र कुमार दाश/हिमांशु गोप
Sanjay Seth, सरायकेला : रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ओडिशा और झारखंड से जुड़ी लगभग 3,907 रुपये करोड़ की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को स्वीकृति दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है. उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार और अभिनंदन किया है. संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है. केंद्र सरकार का लक्ष्य केवल रेल लाइनों का विस्तार करना नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रेल नेटवर्क के माध्यम से देश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देना है.
राजखरसावां-डांगोआपोसी रेलखंड पर बनेगी चौथी लाइन
स्वीकृत परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि इसके अंतर्गत पारादीप–हरिदासपुर रेल लाइन का दोहरीकरण तथा राजखरसावां–डांगोआपोसी रेलखंड पर चौथी रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा. इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल परिचालन अधिक सुगम हो जाएगा. इसके साथ ही माल ढुलाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क (कनेक्टिविटी) उपलब्ध होगा, जिससे झारखंड और ओडिशा के उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी एक नई गति मिलेगी.
ये भी पढ़ें: सरफेसी मामलों में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, डीसी और सीजेएम को तय समय में आवेदन निपटाने का आदेश
14 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
संजय सेठ ने इस परियोजना के सामाजिक और आर्थिक लाभों को रेखांकित करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से झारखंड और ओडिशा के 1,526 गांवों की 14 लाख से अधिक आबादी को बेहतर रेल संपर्क का सीधा लाभ मिलेगा. इसके अलावा भारतीय रेल की माल ढुलाई क्षमता में प्रतिवर्ष भारी बढ़ोतरी होगी, जो क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि आज झारखंड में रेलवे के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं, जिसमें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों का परिचालन और यात्री सुविधाओं का विस्तार शामिल है.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में आरटीई की सूची जारी, 23 प्राइवेट स्कूलों में 279 में से 139 पर नामांकन, 140 सीटें खाली