समाचार · हरियाणा
सिरसा के जमाल में पानी संकट, ग्रामीणों का धरना जारी:टेल तक पानी की मांग पर अड़े; सिंचाई विभाग के SDO ने की बातचीत
सिरसा जिले के चोपटा क्षेत्र स्थित जमाल गांव के ग्रामीणों ने जमाल माइनर और कुताना माइनर के टेल (अंतिम छोर) तक पानी न पहुंचने के विरोध में नहराना हेड पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। बुधवार रात से शुरू हुआ यह धरना गुरुवार को भी जारी रहा। ग्रामीण पर्याप्त पानी की आपूर्ति न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं। धरना स्थल पर सिंचाई विभाग के एसडीओ उदयभान पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं मानी और एक मांग पत्र सौंपते हुए स्पष्ट किया कि जब तक टेल पर पूरा पानी नहीं पहुंचेगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। समाजसेवी ने दिया ग्रामीणों को समर्थन गुरुवार सुबह समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समर्थन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से पानी की चोरी हो रही है और मोगियों के आकार भी बढ़ाए गए हैं। इसी कारण जमाल गांव में टेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गांव में पानी की गंभीर समस्या- सरपंच गांव के सरपंच ओमप्रकाश डूडी, समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा, विजय बैनीवाल, उग्रसेन डूडी, रविंद्र डूडी, राजेंद्र साहु, अशोक साहु, देवीलाल खिचड़, राय सहाब बैनीवाल, महेंद्र सिहाग, मांगे राम कस्वा और भीम साहु ने बताया कि गांव में पानी की गंभीर समस्या है। यह समस्या आज की नहीं, बल्कि भीषण गर्मी हो या सर्दी, जमाल माइनर और कुताना माइनर में कभी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता। महंगे दामों पर खरीद कर पी रहे पानी ग्रामीणों को महंगे दामों पर टैंकरों से पानी खरीदकर पीना पड़ता है, क्योंकि पेयजल केंद्र में पानी का स्टॉक नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार रात को भी वे नहराना हेड पर जागते रहे, लेकिन उनकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा।