Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

'BJP की B-Team' कहने पर INLD ने भेजा लीगल नोटिस:कांग्रेस MLA जस्सी बोले- डरूंगा नहीं, जवाब दूंगा; तुम्हारी तो 4 पीढ़ियों की सेटिंग

INT News7 July 2026 at 10:56 am

हरियाणा की सियासत में इनेलो और कांग्रेस में जुबानी जंग चरम पर पहुंच गई है। हिसार की नारनौंद सीट से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के बीच का टकराव अब कानूनी लड़ाई में बदल चुका है। इनेलो को 'भाजपा की बी-टीम' कहने पर भड़के एक नेता ने विधायक पेटवाड़ को लीगल नोटिस थमा दिया है। जस्सी पेटवाड़ ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस नोटिस का खुलासा किया और बैकफुट पर जाने के बजाय इनेलो, जजपा और गोपाल कांडा पर चौतरफा हमला बोल दिया। जस्सी पेटवाड़ ने सीधे व्यक्तिगत हमला बोलते हुए कहा- "इनेलो नेताओं की पीड़ा मैं समझता हूं। ये सामंती सोच के लोग सोचते थे कि जस्सी पेटवाड़ तो इनके आगे दरी बिछाने के लिए पैदा हुआ है। लेकिन कांग्रेस ने मुझे टिकट दिया और नारनौंद की जनता ने विधानसभा भेज दिया, जो इनसे सहन नहीं हो रहा। इनका इतिहास ही यही रहा है कि जब भी किसी आम घर के बच्चे ने तरक्की की, इन्होंने उसका रास्ता रोका है।" पेटवाड़ ने गिनाया इनेलो-बीजेपी का सेटिंग इतिहास ताऊ से लेकर चौथी पीढ़ी तक का कनेक्शन: पेटवाड़ ने कहा कि मुझे बी-टीम कहने पर ऐतराज है? तो सुनिए, ताऊ देवीलाल से लेकर इनेलो और जजपा की चौथी पीढ़ी तक का बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाने और सपोर्ट करने का इतिहास रहा है। 2025 में रोहतक, अब 2026 में नूंह: विधायक ने तंज कसा कि इन्होंने 2025 में घोषणा की थी कि रोहतक में रैली कर बीजेपी को उखाड़ेंगे, जबकि रोहतक की चारों सीटें कांग्रेस के पास थीं। अब 2026 में कह रहे हैं कि नूंह में सम्मान समारोह कर बीजेपी को हटाएंगे, जबकि नूंह में भी तीनों सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। जहां बीजेपी है ही नहीं, ये वहां जाकर कांग्रेस को कमजोर करते हैं ताकि बीजेपी को फायदा हो। कांग्रेस विधायक पर केस, इनेलो को खुली छूट विधायक पेटवाड़ ने सरकार और इनेलो के बीच गुपचुप तालमेल का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अधिकारी को झूंझना पकड़ाया, तो भाजपा ने केस दर्ज कर दिया। वहीं, रोहतक में इनेलो के एक विधायक ने सरेआम एसपी-डीसी को मां-बहन की गालियां दीं, पर उन पर कोई केस नहीं हुआ। क्योंकि भाजपा ने इन्हें खुली छूट दे रखी है। गोपाल कांडा पर भी तंज कसा जस्सी पेटवाड़ ने हलोपा नेता गोपाल कांडा को भी लपेटे में लिया। उन्होंने कहा कि गोपाल कांडा हमारे जैसे आम घरों के बच्चों से तो 'बीजेपी मुर्दाबाद' के नारे लगवाते हैं, लेकिन अपने भाइयों और बेटों की सैटिंग खुद बीजेपी में करवा कर बैठे हैं। जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि इनकी सुबह कांग्रेस की बुराई से शुरू होती है और रात कांग्रेस को कोसते हुए ढल जाती है। अगर सच में भाजपा को हटाना है, तो इन A, B, C और D टीमों को छोड़कर मुख्यधारा में कांग्रेस के साथ जुड़ना होगा। मैं इस लीगल नोटिस का जवाब अपने ही कानूनी तरीके से दूंगा।