समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में 48 घंटे से बारिश जारी, पलेरा में 2:अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना, खरीफ फसलों की बुवाई 80% पूरी
टीकमगढ़ जिले में पिछले 48 घंटों से मानसून सक्रिय है और रुक-रुककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में औसतन 1 इंच बारिश दर्ज की गई। इसमें पलेरा तहसील में सर्वाधिक 48 मिलीमीटर (लगभग 2 इंच) वर्षा हुई। मौसम में आए इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था, जो सोमवार को घटकर 35.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, इस साल 1 जून से 7 जुलाई तक हुई बारिश पिछले साल की तुलना में काफी कम है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में औसतन 19.6 इंच बारिश दर्ज की गई थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा केवल 3.8 इंच है। टीकमगढ़ तहसील में अब तक 4.5 इंच बारिश हुई है, जबकि पिछले साल 7 जुलाई तक 29 इंच बारिश हो चुकी थी। बड़गांव तहसील में इस साल 3.5 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल 13 इंच बारिश हुई थी। अन्य तहसीलों में बल्देवगढ़ में 3.5 इंच, खरगापुर में 4 इंच, जतारा में 4 इंच, मोहनगढ़ में 3.5 इंच, लिधौरा में 2 इंच और पलेरा में सर्वाधिक 6 इंच बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है। ज्योतिषाचार्य पंडित कौस्तुभ तिवारी ने बताया कि इस बार जेठ के दो महीने होने के कारण बारिश की शुरुआत देर से हुई है। उन्होंने अनुमान जताया कि इस बार सितंबर महीने तक बारिश जारी रह सकती है। पिछले 48 घंटों में हुई अच्छी बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है, जिससे किसानों को राहत मिली है।