समाचार · मध्य प्रदेश
शहडोल में हाइवा से टकराई बाइक, युवक की मौत:मऊ टोल प्लाजा के पास घर लौटते समय हादसा; रिफ्लेक्टर और पार्किंग इंडिकेटर की होगी जांच
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना रीवा मार्ग पर स्थित मऊ टोल प्लाजा के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े हाइवा से जा टकराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्यौहारी से घर लौट रहा था युवक मृतक की पहचान देवलोंद थाना क्षेत्र के झिरिया (वार्ड क्रमांक-5) निवासी अमित पिता दशरथ पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमित सोमवार रात को ब्यौहारी से काम निपटाकर बाइक से अपने घर देवलोंद वापस लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थमीं सांसें मऊ टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे एक भारी-भरकम हाइवा खड़ा था। रात के अंधेरे में अमित की बाइक बेकाबू होकर सीधे हाइवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया। रिफ्लेक्टर और पार्किंग इंडिकेटर की होगी जांच ब्यौहारी थाना पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है कि दुर्घटना के वक्त हाइवा किस स्थिति में खड़ा था। क्या उसमें इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर लगे थे या नहीं, और मौके पर पर्याप्त रोशनी थी या नहीं। जांच के आधार पर हाइवा चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।