समाचार · पंजाब
लुधियाना में नशेबाज बेटे ने पिता पर तलवार से हमला:बाइक पर तलवार से किए हमले, पत्नी पर हथियार थमाने का आरोप
लुधियाना के समराला के तहत आते गाँव मानूपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ नशे की लत में चूर एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही पिता पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात से पहले आरोपी युवक ने तलवार से अपनी मोटरसाइकिल में भी जमकर तोड़फोड़ की थी। पति-पत्नी के विवाद के बीच बाहर निकला बेटा घायल पिता गुरप्रीत सिंह के अनुसार, यह घटना बीती शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच की है। उस समय घर में गुरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर मामूली विवाद चल रहा था। उनका बेटा भी वहीं मौजूद था। इसी कहासुनी के बीच बेटा अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से बाहर चला गया और बाहर जाकर उसने गुस्से में तलवार से अपनी ही मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। नशे की हालत में घर लौटकर पिता पर किया हमला गुरप्रीत सिंह ने बताया कि कुछ देर बाद उनका बेटा अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटा। इसी दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें बताया कि बेटे की बाहर किसी के साथ लड़ाई हुई है। जब गुरप्रीत सिंह असल बात जानने के लिए घर से बाहर निकले, तो बेटे ने अचानक उन पर तेजधार हथियार से हमला बोल दिया। गुरप्रीत सिंह के मुताबिक, आरोपी ने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। माँ पर लगा बेटे को हथियार थमाने का आरोप इस मामले में घायल पिता ने अपनी पत्नी पर भी एक बेहद गंभीर आरोप लगाया है। गुरप्रीत सिंह का कहना है कि उन पर हमला होने से ठीक पहले उनकी पत्नी ने ही कथित तौर पर बेटे के हाथ में तलवार पकड़ाई थी। हालांकि, पारिवारिक कलह से जुड़े इन गंभीर आरोपों की सच्चाई पुलिस जाँच के बाद ही साफ हो पाएगी। नशा करने और बेचने के भी आरोप गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा न सिर्फ नशे का आदी है, बल्कि वह कथित तौर पर नशा बेचने का धंधा भी करता है। नशे के कारण वह अक्सर घर में पैसों के लिए विवाद और मारपीट करता रहता है, जिससे पूरा परिवार परेशान है। फिलहाल पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।