समाचार · मध्य प्रदेश
30 हजार का इनामी हत्यारा अलमारी में छिपा:क्राइम ब्रांच ने जबलपुर में पकड़ा; 23 मोबाइल, हथियार-पासपोर्ट बरामद
जबलपुर में 30 हजार रुपए के इनामी बदमाश शेख आदिल (35) को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दिसंबर 2023 में कुख्यात गैंगस्टर अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या के मामले में आरोपी शेख आदिल एक महीने से भूलन बस्ती के कमरे में छिपा था। पुलिस की दबिश के दौरान वह अलमारी में छिप गया, जहां से उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 2 देसी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 3 कट्टे, 2 एयर गन, तलवार, बका, चाकू, 50 जिंदा कारतूस और 68 चले हुए कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा पासपोर्ट और 23 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, वह अलग-अलग मोबाइल और सिम से साथियों के संपर्क में रहता था और विदेश भागने की तैयारी में था। एक महीने से कमरे में छिपा था आरोपी दिसंबर 2023 में अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या के बाद शेख आदिल मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और आसपास के जिलों में फरार रहा। करीब एक महीने पहले वह जबलपुर आया था। पुलिस के मुताबिक, जेल में बंद गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे ने उसे भूलन बस्ती स्थित एक कमरे में रुकवाया था। आदिल का ज्यादातर काम कमरे के अंदर ही होता था। उसने सुरक्षा के लिए घर के बाहर दो कुत्ते भी बांध रखे थे, ताकि किसी के आने पर उसे पहले ही जानकारी मिल सके। पुलिस की आहट सुनकर कवर्ड में छिपा क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूलन बस्ती के एक कमरे में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना यह भी थी कि वहां इनामी बदमाश के साथ बड़ी संख्या में हथियार रखे हुए हैं। सूचना के बाद एसपी संपत उपाध्याय, एएसपी क्राइम ब्रांच जितेंद्र सिंह और एएसपी आयुष जाखड़ के निर्देशन में टीम ने कमरे की घेराबंदी की। पुलिस की आहट सुनते ही आदिल कमरे में बने कवर्ड में छिप गया। पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई और तलाशी शुरू की। इसके बाद आदिल को कवर्ड से बाहर निकालकर गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से लोड पिस्टल भी बरामद हुई। कमरे से हथियारों का जखीरा, पासपोर्ट भी मिला एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर 2 देसी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 1 बारह बोर का कट्टा, 1 तीन सौ पंद्रह बोर का कट्टा, 1 जंग लगा कट्टा, 2 एयर गन, 1 तलवार, 1 बका और 1 चाकू जब्त किया गया। इसके अलावा 9 खाली मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस और 68 चले हुए कारतूस भी मिले हैं। आरोपी के नाम का पासपोर्ट और अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किए हैं। लोकेशन ट्रेस होने से बचने के लिए बदलता था मोबाइल पुलिस के मुताबिक, आदिल को डर था कि एक ही मोबाइल से साथियों से बात करने पर उसकी लोकेशन ट्रेस हो सकती है। इसलिए वह अलग-अलग सिम और मोबाइल का इस्तेमाल करता था और रोजाना मोबाइल बदलकर साथियों से बात करता था। पुलिस के अनुसार, पासपोर्ट मिलने से यह भी सामने आया है कि आरोपी जल्द विदेश भागने की फिराक में था। हालांकि, उससे पहले ही क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ लिया। अनिराज की हत्या में शामिल होने की बात कबूली पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शेख आदिल ने बताया कि दिसंबर 2023 में वर्चस्व और आपसी रंजिश के चलते सुयश उर्फ छोटू चौबे के कहने पर अनिराज नायडू की हत्या की थी। उसने बीते साल रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने की बात भी बताई है। आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में अनिराज नायडू की हत्या, रतन यादव को गोली मारने, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त समेत कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस उसे माढ़ोताल थाने के हत्या के मामले और ग्वारीघाट थाने के हत्या के प्रयास के मामले में भी गिरफ्तार कर रही है। छोटू चौबे का राइट हैंड बताया जा रहा पुलिस के मुताबिक, शेख आदिल गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे का राइट हैंड है। पुलिस ने शेख आदिल, शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। छोटू चौबे को आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए करीब दो महीने पहले एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल केंद्रीय जेल जबलपुर में बंद है।