समाचार · मध्य प्रदेश
हाईकोर्ट के आदेश पर भोपाल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:निशातपुरा में प्राइवेट जमीन पर बने 11 मकान तोड़े; भारी पुलिस बल रहा मौजूद
भोपाल के निशातपुरा में हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां प्राइवेट जमीन पर बने 11 मकानों को चार पोकलेन मशीनों के जरिए जमींदोज कर दिया गया। कोई हंगामा न हो, इसलिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरागढ़ एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई हो रही है। तहसीलदार हर्षविक्रम सिंह समेत अन्य राजस्व अधिकारियों को भी कार्रवाई में लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, यह अतिक्रमण करीब 35 साल बाद हटा है। जिला प्रशासन पहले भी कार्रवाई करने के लिए मैदान में उतरा था, लेकिन विरोध के चलते कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इस पर पुलिस और प्रशासन की सख्त कार्रवाई की चेतावनी के बाद यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई की 2 तस्वीरें… 1 एकड़ में कब्जा, उसमें बन गए कई मकान
जानकारी के अनुसार, अविनाश जौहरी की जमीन पर कई सालों से अतिक्रमण हो गया। खास बात ये है कि जमीन की रजिस्ट्री हो गई और तीन मंजिला मकान तक बन गए थे। अपनी 0.75 एकड़ जमीन को कब्जामुक्त करवाने के लिए जौहरी ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। उनकी जमीन पर 11 मकान बने थे। हाईकोर्ट ने भोपाल कलेक्टर, नगर निगम और पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। कहा था कि जिन पक्षकारों के स्थगन है, उन्हें छोड़कर बाकी पर कार्रवाई की जाए। इसके चलते मंगलवार को जिला प्रशासन की टीम भारी भरकम पुलिस अमले के साथ मैदान में उतरी और मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। सरकारी जमीन पर भी बने घर
यहां पर 0.3 एकड़ सरकारी जमीन भी है। इस पर भी अवैध कब्जा है। कुछ पर हाईकोर्ट का स्टे है। इसलिए फिलहाल यहां कार्रवाई नहीं की गई है।