Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- पेपरलीक पर जवाबदेही तय हो, AK-47 चलाने का आदेश देने वालों को सस्पेंड करें

INT News18 August 2026 at 04:39 pm

Tejashwi Yadav : पेपरलीक के विरोध में छात्रों के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 19 अगस्त को छात्रों के साथ राजभवन मार्च किया जाएगा. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पेपरलीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान बिहार के कई जिलों में छात्रों पर लाठीचार्ज और गोलीबारी की गयी, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई है.

AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया, सरकार जवाब दे’

तेजस्वी यादव ने कहा कि कई दिनों से प्रशासन में बैठे अधिकारियों से लगातार सवाल किया जा रहा है कि AK-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया था, लेकिन अब तक इसका जवाब नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी के आदेश के पुलिस की ओर से गोली नहीं चलायी गयी होगी. ऐसे में आदेश देने वाले अधिकारी की जवाबदेही तय होनी चाहिए और उसे तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए.

सिवान में तीन छात्रों को गोली लगने का दावा

तेजस्वी ने कहा कि पेपरलीक के विरोध में पूरे बिहार में आंदोलन हुआ था. इस दौरान कई जगह पुलिस ने लाठीचार्ज किया और गोली चलायी गयी. सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया और कई लोग घायल हुए. उन्होंने दावा किया कि सिवान के तीन छात्रों को गोली लगी थी. तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात की है और छात्रों का कहना है कि उन्हें पुलिस की गोली लगी.

‘संसद में भी गुमराह किया गया’

तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संसद में जब गोली चलने का मुद्दा उठाया गया तो केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गोली नहीं चलने की बात कही. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार और संसद में बैठे लोग इस मामले में लोगों को गुमराह कर रहे हैं.

सम्राट चौधरी से छात्रों से संवाद का सवाल

तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी बिहार के गृह मंत्री भी हैं, लेकिन उन्होंने अब तक छात्रों से मुलाकात नहीं की और न ही उनसे संवाद किया. उन्होंने कहा कि घायल छात्रों से मिलने और पूरे मामले की जानकारी लेने के लिए कई बार पत्र लिखा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. तेजस्वी ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार छात्रों की बात सुनने से क्यों बच रही है.

जहानाबाद में भी AK-47 के इस्तेमाल का आरोप

तेजस्वी ने दावा किया कि सिवान के अलावा जहानाबाद में भी आंदोलन के दौरान AK-47 का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक एक भी अधिकारी को निलंबित नहीं किया गया है. उन्होंने सरकार से पेपरलीक मामले में जवाबदेही तय करने और पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की.

19 अगस्त को राजभवन मार्च

तेजस्वी यादव ने कहा कि 19 अगस्त को छात्रों और बेरोजगार युवाओं के साथ राजभवन मार्च किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे.

Also Read :  आज शाम जारी हो सकता है BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन, 32,388 सीटों पर होगी भर्ती

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- पेपरलीक पर जवाबदेही तय हो, AK-47 चलाने का आदेश देने वालों को सस्पेंड करें · Indian News Trust