Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग:गार्ड के पेट में आई चोट, CCTV फुटेज आया सामने, रायगढ़ में केस दर्ज

INT News18 August 2026 at 04:53 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के गेरवानी शराब दुकान के गार्ड पर अज्ञात युवक ने पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर दी। इससे वह घायल हो गया। घटना का अब CCTV फुटेज भी सामने आया है। वही मामले में घायल की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना निवासी चंद्रशेखर पटेल 43 साल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के अंतर्गत सुरक्षाकर्मी के पद पर शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान गेरवानी में कार्यरत है। उसने बताया कि दुकान बंद होने के बाद रात में कुछ असामाजिक तत्व अक्सर वहां आकर गाली-गलौज व उपद्रव करते हैं, जिन्हें पूर्व में कई बार डांट-फटकार कर भगाया गया है। उसने बताया कि सोमवार को उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। करीब साढ़े 10 बजे शराब दुकान के सामने एक युवक आया और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने की बात कहते हुए गंदी-गंदी गालियां देने लगा। युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकाला और फायरिंग कर दी। प्राइवेट गार्ड के पेट में लगी गोली फायरिंग में गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी, जिसके बाद वह जान बचाने के लिए आहाता के पीछे जाकर छिप गया। इसके बाद घायल गार्ड ने अपने साथियों को घटना की जानकारी देकर डायल 112 को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही SSP शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर रात को ही टीआई पूंजीपथरा, साइबर थाना प्रभारी के साथ आबकारी व डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पिस्टलनुमा हथियार के साथ नजर आया आरोपी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाले। जिसमें युवक एक हाथ में पिस्टल हथियार और दूसरे में मोबाइल के साथ नजर आया। जिसके बाद पुलिस ने आसपास में लगे अन्य CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वहीं अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 109(1) BNS के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

आरोपी की तलाश की जा रही इस संबंध में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि घटना रात की है और सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं आरोपी की पतासाजी की जारी है।