sports
दिनेश चांदीमल की जगह पसिंदु सूर्यबंडारा को मिला मौका, डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर हुए आउट

Pasindu Sooriyabandara Debut : भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंकाई टीम को उस समय बड़ा झटका लगा, जब चोटिल दिनेश चांदीमल की जगह पसिंदु सूर्यबंडारा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया. हालांकि, अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बनाने का मौका सूर्यबंडारा गंवा बैठे. मानव सुथार ने उन्हें पारी की पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. इस तरह सूर्यबंडारा अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में गोल्डन डक का शिकार हो गए.
पहली ही गेंद पर सुथार ने भेजा पवेलियन
पसिंदु सूर्यबंडारा के सामने मानव सुथार ने गेंद फेंकी. गेंद अच्छी लेंथ पर पिच हुई और बिना ज्यादा टर्न लिए सीधी निकल गई. सूर्यबंडारा के बल्ले का अंदरूनी किनारा छूने से पहले ही गेंद उनके पिछले पैर पर जा लगी. भारतीय टीम ने जोरदार एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायर ने इसे नकार दिया. इसके बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने रिव्यू लिया. अल्ट्राएज में बल्ले से गेंद के संपर्क का कोई संकेत नहीं मिला. बॉल ट्रैकिंग में भी तीनों रेड सिग्नल आए और गेंद स्टंप्स पर लगती हुई दिखाई दी. थर्ड अंपायर ने मैदानी फैसला पलट दिया और सूर्यबंडारा को आउट करार दिया गया.
चांदीमल की चोट के बाद मिला डेब्यू का मौका
सूर्यबंडारा को यह बड़ा मौका दिनेश चांदीमल के चोटिल होने के बाद मिला. भारत की दूसरी पारी के दौरान चांदीमल बाउंड्री पर केएल राहुल का शॉट रोकने की कोशिश में चोटिल हो गए थे. डाइव लगाते समय उनका कंधा और गर्दन मुड़ गई थी. इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और एहतियात के तौर पर अस्पताल ले जाया गया. चांदीमल की चोट के बाद श्रीलंका ने कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर सूर्यबंडारा को टीम में शामिल किया. इस तरह उन्हें टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिल गया. लेकिन पहली ही गेंद पर विकेट गंवाने के कारण उनका डेब्यू बेहद निराशाजनक रहा.
Also Read: कुमारा की गेंद पर छक्का जड़ पंत ने बनाया न्यू रिकॉर्ड, टेस्ट में 100 सिक्स लगाने वाले फर्स्ट इंडियन
चांदीमल पहली पारी में भी नहीं कर पाए थे कमाल
दिनेश चांदीमल के लिए यह टेस्ट अब तक बल्ले से भी अच्छा नहीं रहा है. भारत की पहली पारी के 462 रन के जवाब में श्रीलंका की टीम 284 रन पर ऑलआउट हुई थी और चांदीमल सिर्फ 4 रन बना सके थे. हालांकि, सोनल दिनुषा और निरोशन डिकवेला की शानदार पारियों ने श्रीलंका को संकट से बाहर निकाला था. दिनुषा ने 168 गेंदों पर 100 रन की पारी खेली, जबकि डिकवेला ने 115 गेंदों पर 80 रन बनाए. दोनों ने छठे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी की थी.
भारत ने श्रीलंका को दिया 372 रन का टारगेट
भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाकर कुल बढ़त को 371 रन तक पहुंचाया और श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा. भारत की ओर से दूसरे पारी में सबसे ज्यादा रन देवदत्त और ऋषभ पंत ने बनाए. श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 9 ओवर में 4 भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उनके अलावा प्रभात जयसूर्या ने 3, लाहिरू कुमारा ने 2 और केशरा नुवान्था ने 1 विकेट हासिल किया.
Also Read: नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड्स का ऐलान, तेजस्विन शंकर-दिव्या देशमुख समेत 17 प्लेयर्स को अर्जुन पुरस्कार