समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर के 10 निरीक्षकों को डीएसपी का प्रभार:गृह विभाग ने जारी की राज्य स्तरीय पदोन्नति सूची
मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। प्रदेश भर के 374 निरीक्षकों को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद का प्रभार सौंपा गया है। इस राज्यस्तरीय पदोन्नति सूची में जबलपुर के 10 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। जबलपुर से पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में क्राइम ब्रांच से शैलेश मिश्रा और धनीराम बरकड़े शामिल हैं। पनागर थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह, एसपी कार्यालय से अर्चना सिंह जाट तथा आईजी कार्यालय से शोभना मिश्रा,रितेश साहू और 6वीं बटालियन में पदस्थ सुबोध लोखंडे, रीना पांडे, विजय अभोरे और महेंद्र प्रताप सिंह को डीएसपी का प्रभार मिला है। यह पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए प्रभावी होगी। गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार, पदोन्नत अधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल से तत्काल प्रभाव से भारमुक्त कर दिया गया है। शासन द्वारा इनकी नवीन पदस्थापना के लिए पृथक आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे। यह संपूर्ण पदोन्नति प्रक्रिया मध्य प्रदेश लोक सेवा अधिनियम, 1994 और पदोन्नति नियम, 2025 के प्रावधानों का पालन करते हुए की गई है। जबलपुर के इन 10 अधिकारियों को उच्च पद मिलने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।