Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रतलाम में रामभद्राचार्य महाराज पर अभद्र टिप्पणी-VIDEO:‘हम हिंदू राष्ट्र बनाएंगे’ बयान पर वीडियो बनाकर कहा- पहले तेरी आंख सही करा ले, FIR दर्ज

INT News14 July 2026 at 08:45 pm

रतलाम में रामभद्राचार्य महाराज पर अभद्र टिप्पणी और गाली देने का वीडियो सामने आया है। मंगलवार को वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने टिप्पणी करने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। रामभद्राचार्य महाराज के हिंदू राष्ट्र बनाने संबंधी बयान वाले वीडियो के साथ रतलाम के युवक ने अपना वीडियो जोड़कर गाली देते हुए कहा, "पहले अपनी आंख सही करा ले, हिंदू राष्ट्र बाद में बनाते रहना।" वीडियो सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। शहर के ओसवाल नगर निवासी एक युवक ने वीडियो देखकर डीडी नगर थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने टिप्पणी करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की तलाश की। जांच में वह एक ऑटो चालक निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार रात इब्राहीम शेरानी, निवासी मरकट मस्जिद के पास, के खिलाफ धारा 352(2) के तहत धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता बोला- साधु-संत का अपमान नहीं सहा गया रिपोर्ट दर्ज कराने वाले रोहित पंवार ने बताया, "मैं 13 जुलाई की दोपहर करीब 4 बजे घर पर मोबाइल चला रहा था। इंस्टाग्राम पर एक रील देखी, जिसमें एक व्यक्ति हमारे साधु-संत के बारे में गलत बोल रहा था। वह गाली देते हुए कह रहा था, 'अबे अंधे, पहले अपनी आंख सुधरवा ले, हिंदू राष्ट्र तो बाद में बनवा लेना।' यह सुनकर मुझे बहुत बुरा लगा। जानकारी करने पर पता चला कि वह इब्राहीम शेरानी, निवासी मरकट मस्जिद के पास, रतलाम का रहने वाला है। इससे मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसके बाद मैं साथियों के साथ थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।" रामभद्राचार्य महाराज पर की गई टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों में भी नाराजगी है। संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। टिप्पणी करने वाले की हुई पिटाई टिप्पणी करने वाले ऑटो चालक की पिटाई का एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो 13 जुलाई की शाम का बताया जा रहा है। वीडियो शहर के मेहंदी कुई बालाजी मंदिर के सामने का है, जहां कुछ लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर ऑटो चालक को रोकते हैं और उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। जांच में सामने आया है कि मारपीट का शिकार वही व्यक्ति है, जिसने रामभद्राचार्य महाराज पर टिप्पणी की थी। वीडियो सामने आने के बाद एक समुदाय विशेष के लोग मंगलवार दोपहर ज्ञापन देने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने घायल ऑटो चालक इब्राहीम के पिता जावेद पठान की शिकायत पर भवानी उर्फ सोमू निवासी रतलाम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में मामला दर्ज कर लिया। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि धर्मगुरु के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने की सूचना मिली थी। वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं, सामने आए दूसरे वीडियो की भी जांच कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।