समाचार · छत्तीसगढ़
ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाकर राशन गबन का आरोप:जशपुर में 150 ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन, जांच और कार्रवाई की मांग
जशपुर जिले के ग्राम पंचायत पोड़ी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। करीब 150 ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और एक माह का राशन गबन करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि अप्रैल में पीडीएस दुकान को अप्रैल, मई और जून तीनों माह का राशन मिला था। सरपंच और उनके पति ने तीन माह का राशन देने की बात कहकर ई-पॉस मशीन पर 6 बार अंगूठे के निशान लगवाए, लेकिन केवल मई और जून का राशन दिया गया। जून का राशन नहीं मिलने का दावा ग्रामीणों का कहना है कि बाद में जून और जुलाई का राशन एक साथ देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन जुलाई में सिर्फ जुलाई का राशन मिला। जून का राशन रिकॉर्ड में वितरित दिखाकर गबन करने का आरोप लगाया गया है। उनका आरोप है कि ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाकर रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्ज कर लिया गया और एक माह का राशन गबन कर लिया गया। इस कथित धोखाधड़ी से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। संचालक ने आरोपों से किया इनकार पीडीएस दुकान संचालक संदीप भगत ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पंचायत को निर्धारित कोटे से 20 क्विंटल कम राशन मिला था। इसी वजह से एक माह का राशन वितरित नहीं किया जा सका। उन्होंने कम राशन मिलने की रसीद होने का भी दावा किया।