Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

5 जिलों में चोरी करने वाले 2 चोर गिरफ्तार:पन्ना पुलिस रीवा से पकड़कर लाई, 5 वारदातों का खुलासा; 3 सुनार भी अरेस्ट

INT News14 July 2026 at 08:29 pm

पन्ना पुलिस ने दो चोरों को रीवा के सेमरिया से गिरफ्तार किया है। यह दिनदहाड़े सूने मकानों के ताले तोड़ने और चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने पन्ना शहर में हुई पांच बड़ी चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले तीन सुनारों को भी दबोचा है। इनके पास से करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक मिली है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम ने पन्ना और आसपास के जिलों के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद से चोरों के भागने के रास्तों का पता लगाया गया (रूट मैपिंग की गई)। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने रीवा के सेमरिया में दबिश देकर मुख्य आरोपी आशीष उर्फ लाले कुशवाहा (26 वर्ष, निवासी पिपरा, रीवा) और सुनील कुशवाहा उर्फ ललवा (30 वर्ष, निवासी सिमरिया, रीवा) को धर पकड़ा। दिन में रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि आरोपी दिन के समय ऐसे सूने घरों की रेकी करते थे जिन पर ताला लगा होता था। मौका मिलते ही वे ताला तोड़कर चोरी कर लेते थे। इन आरोपियों पर सतना, रीवा, सीधी और कटनी जिलों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में कबूलीं पन्ना की ये 5 चोरियां रमपुरा में एक ही रात में तीन घरों के ताले तोड़कर जेवर और नकदी की चोरी की थी। पुरुषोत्तमपुर में एक दुकान का ताला तोड़कर ₹35,000 नगद चुराए थे। डायमंड चौराहा पर राह चलती एक महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी। महाराजा कॉलोनी में एक सूने मकान से ₹1.70 लाख के जेवर और नकदी साफ की थी। साइंस कॉलेज के पीछे एक सरकारी आवास के गोदरेज लॉकर को तोड़कर जेवर चुराए थे। चोरी का सोना खरीदने वाले 3 सुनार भी पकड़े गए चोरों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन सराफा व्यापारियों को भी पकड़ा है जो इनसे सस्ते दामों में चोरी के जेवर खरीदते थे। पकड़े गए सुनारों में प्रमोद उर्फ मामा सोनी (निवासी बाबूपुर, सतना), कपिल सोनी (निवासी रीवा) और अरविन्द सोनी (निवासी टिकुरिया मोहल्ला, सतना) शामिल हैं। पुलिस ने ये सामान और बाइक जब्त की 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 सोने की अंगूठी, 1 सोने की बेंदी, नाक की कील, 4 चांदी की बिछिया, 4 संतान साते चूड़ी, 2 चांदी की पायल, 2 चांदी के सिक्के और 4 चांदी के छल्ले। ₹12,500 नगद, 1 मोबाइल फोन, 1 सौर ऊर्जा की छतरी और पीतल की गुंडी। वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (नंबर- MP19MR5332)।