Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

देवास में फंदे पर मिला महिला का शव:परिजन बोले- बेटे की मौत के सदमे से नहीं उबर पाई, सांप के काटने से गई थी जान

INT News7 July 2026 at 08:47 pm

देवास जिले के राजोदा में मंगलवार को एक महिला का शव उसके ही घर में फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान 45 वर्षीय पपीता चौहान के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। जब वे लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर पपीता चौहान पंखे से रस्सी के सहारे लटकी मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पपीता चौहान, रामप्रसाद चौहान की पत्नी थीं। उनके पति उज्जैन में फैब्रिकेशन का काम करते हैं। घटना वाले दिन भी वे सुबह काम के लिए उज्जैन चले गए थे। कुछ साल पहले बेटे की सर्पदंश से हुई थी मौत मृतका के देवर मांगीलाल ने बताया कि पपीता चौहान के दो बेटे थे। कुछ वर्ष पहले उनके बेटे बंटी की सर्पदंश से मौत हो गई थी। इसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगी थीं। परिजनों के अनुसार, समय बीतने के बाद भी वह अक्सर बेटे को याद कर भावुक हो जाती थीं। उनका मानना है कि वह बेटे की मौत के सदमे से पूरी तरह उबर नहीं पाई थीं। हालांकि, आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।