समाचार · उत्तराखंड
देहरादून में UPCL ने सख्ती बढ़ाई; जुर्माने के साथ कट सकता है बिजली कनेक्शन

देहरादून में जरूरत से कम लोड पर अधिक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर यूपीसीएल ने सख्ती शुरू कर दी है। ऊर्जा निगम ने ऐसे करीब 2500 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में साफ कहा गया है कि उपभोक्ता उपयोग के अनुसार लोड बढ़ाएं, अन्यथा पेनाल्टी के साथ कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी हो सकती है।चुक्खु मोहल्ला निवासी जितेन्द्र जैन इसका उदाहरण हैं। उनके करीब 80 साल पुराने पुश्तैनी मकान में पहले एक किलोवाट का कनेक्शन था। वक्त के साथ घर का विस्तार हुआ व बिजली के उपकरण भी बढ़ते गए, लेकिन कनेक्शन का लोड नहीं बदला। अब उन्हें यूपीसीएल से लोड बढ़ाने का नोटिस मिला है। यूपीसीएल के अनुसार शहर में सैकड़ों उपभोक्ता ऐसे हैं, जो कम स्वीकृत लोड पर ज्यादा बिजली उपयोग कर रहे हैं। इनके यहां लगातार तीन बिलिंग साइकिल (चक्र) में निर्धारित क्षमता से अधिक लोड दर्ज हुआ है। अब विभाग ने ऐसे कनेक्शनों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है।क्यों बढ़ रहा है लोड?पहले घरों में गिने-चुने उपकरण होते थे, अब एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव, इंडक्शन, गीजर और इलेक्ट्रिक व्हीकल तक आम हो गए हैं। कई घरों में एक से ज्यादा एसी और अन्य उपकरण एक साथ चलते हैं। ऐसे में पुराना लोड पर्याप्त नहीं रहता। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर लोड बढ़वाने से जुर्माने से बचाव होता है और व्यवस्था भी संतुलित रहती है। लोड क्षमता कितनी रखनी है, इसके लिए अपने बिजलीघर के एसडीओ से संपर्क किया जा सकता है।घर की खपत कैसे जांचेदक्षिण जोन के ईई मनोज अग्रवाल के मुताबिक, लोड न बढ़ाने पर डबल फिक्स चार्ज वसूला जाता है। जिससे बिल अधिक आता है। केंद्रीय डिविजन के ईई गौरव सकलानी ने बताया कि उनके क्षेत्र में अब तक 980 नोटिस जारी हो चुके हैं। उत्तर डिविजन के ईई एसडीएस बिष्ट ने कहा, लोगों को बिल में दर्द लोड और खपत की जानकारी नियमित जांचनी चाहिए।ईई मोहनपुर डिविजन यूपीसीएल अरविंद कुमार ने कहा कि समय के साथ घरों में बिजली उपकरणों की संख्या तेजी से बढ़ी ह। लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार लोड बढ़ा लेना चाहिए। इससे सिस्टम पर दबाव कम होगा और बिजली आपूर्ति सुचारु रहेगी।