Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

शहर में लग रहे जाम से परेशान हैं तो जानिए पुलिस की नई तैयारी, 40 नए बोलेरो हुए रवाना

INT News2 September 2026 at 10:44 am

जमशेदपुर: शहर में लगातार विकराल होती जाम की समस्या और वाहन चालकों की ओर से यातायात नियमों की अनदेखी पर अब लगाम लगाने की तैयारी शुरू हो गयी है. सावन मेला समेत अन्य विशेष अभियानों में ड्यूटी के बाद पुलिस जवान धीरे-धीरे शहर लौटने लगे हैं. इससे यातायात थानों की ताकत फिर से बढ़ने लगी है. बल की कमी दूर होने के बाद अब शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने की पहल जल्द शुरू की जायेगी. इसे लेकर यातायात पुलिस तैयारी कर रही है.

जाम वाले चौक-चौराहों पर तैनात होगी पुलिस

शहर में जाम लगने वाले चौक-चौराहों को चिन्हित कर फोर्स की तैनाती होगी. इससे आम लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने में आसानी होगी. बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ फिर से विशेष अभियान चलाया जायेगा.

सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने वाले चालकों के खिलाफ जुर्माना और जब्ती अभियान चलाया जायेगा. स्कूल खुलने और बंद होने के समय शहर के प्रमुख स्कूलों के पास लगने वाले ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए विशेष पुलिस बल की तैनाती होगी.

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नई कार्ययोजना

शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर यातायात पुलिस की ओर से नयी कार्ययोजना बनायी जा रही है, ताकि शहरवासियों को जाम से मुक्ति मिल सके. यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारी की जा रही है. यह जानकारी ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिवासन ने दी.

पिछले कुछ महीनों में शहर की यातायात व्यवस्था को संभालना ट्रैफिक पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गयी थी. शहर में लगातार बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक थाना से पुलिस बल को एंटी क्राइम चेकिंग ड्यूटी में तैनात कर दिया गया था. इसके अलावा देवघर में श्रावणी मेला के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जमशेदपुर से बड़ी संख्या में पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया था. स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक पुलिस के पास बल की कमी हो गयी थी. श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद अब जवानों की वापसी होने लगी है. इसके साथ ही यातायात पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है. सभी यातायात थाना को बल देने की तैयारी चल रही है.

40 नए बोलेरो थाना और कंट्रोल रूम भेजे गये

जिला पुलिस को फिर 40 नये बोलेरो वाहन मिले हैं. मंगलवार को गोलमुरी पुलिस लाइन से इन वाहनों को थाना और कंट्रोल रूम के लिए रवाना किया गया. एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया. इस मौके पर डीएसपी ट्रैफिक श्रीनिवासन, डीएसपी सिटी संजीव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब ने बताया कि पूर्व में भी सरकार की ओर से 51 नयी बोलेरो और 89 बाइक दी गयी थीं. वाहन मिलने से पुलिस की गश्ती में तेजी आयेगी. संसाधन रहने से पुलिस की तत्परता भी बढ़ जाती है. इन वाहनों को जिले के अलग-अलग थाना के अलावा कंट्रोल रूम में दिया जायेगा.