समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में टाइगर समझकर गिरा बाइक सवार:माधव टाइगर रिजर्व मार्ग पर हादसा, वन विभाग बोला- पगमार्क बाघ के नहीं
शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र से गुजरने वाले नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर 25 अप्रैल की रात एक बाइक सवार जंगली जानवर को देखकर सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना टपकेश्वर मंदिर और एरावन गांव के बीच रात करीब 8 बजे हुई। घायल ने बताया कि अचानक सामने टाइगर आने से वह घबरा गया और बाइक का संतुलन बिगड़ गया। मणिखेड़ा डैम जा रहा था युवक घायल बाइक सवार की पहचान नरवर तहसील के ग्राम चकरमपुर निवासी विकास कुशवाहा पुत्र करण सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। विकास नरवर से मणिखेड़ा डैम के गेट खोलने जा रहे थे। हादसे के बाद राहगीरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। वन विभाग को नहीं मिले टाइगर के पगमार्क घटना की जानकारी भाजपा नेता बशर अली ने सतनवाड़ा रेंज के रेंजर माधव सिंह सिकरवार को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास जांच की। टीम ने जानवर के पगमार्क तलाशे, लेकिन टाइगर के पैरों के निशान नहीं मिले। रेंजर माधव सिंह सिकरवार ने बताया कि घटनास्थल पर पगमार्क मिले हैं, लेकिन वे टाइगर के नहीं हैं। संभावना है कि कोई दूसरा जंगली जानवर सड़क पार कर रहा था, जिसे देखकर बाइक सवार घबरा गया। माधव टाइगर रिजर्व की टीम ने भी इस इलाके में टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है। वन विभाग की टीम दोबारा मौके का निरीक्षण करेगी। इलाके में तेंदुए की आवाजाही वन विभाग के मुताबिक नरवर-सतनवाड़ा मार्ग के आसपास तेंदुए की आवाजाही रहती है। कई बार राहगीरों को सड़क के पास तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी मिल चुकी है। हालांकि, तेंदुए के राहगीरों पर हमला करने की अब तक कोई सूचना नहीं है। ऐसे में आशंका है कि बाइक सवार के सामने तेंदुआ या कोई अन्य जंगली जानवर सड़क पार कर रहा हो। सिंध नदी किनारे ग्रामीण की मौत के बाद बढ़ी थी चिंता इसी क्षेत्र में सिंध नदी किनारे 50 वर्षीय सरवन आदिवासी का शव टुकड़ों में मिलने की घटना के बाद वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ी थी। घटना के दिन मादा टाइगर MT-6 की लोकेशन भी इसी क्षेत्र में मिली थी। पार्क टीम को उसकी कॉलर आईडी एक्टिव मिली थी, जिससे क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। एरावन गांव माधव टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में स्थित है। इसलिए इस पूरे क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है।