समाचार · मध्य प्रदेश
सिंधिया के कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष को माइक नहीं मिला:बोलीं- मुझे रोका गया, विधायक ने दिया जवाब कहा- मौका मिलता तो बोलतीं
शिवपुरी के बदरवास में आयोजित केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम दौरान नया राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। सोमवार शाम बिजरौनी बायपास एवं दौलतपुर से खाइखेड़ा मार्ग निर्माण का भूमि पूजन रखा गया था। इस दौरान बदरवास जनपद अध्यक्ष मीरा बाई परिहार को मंच से वक्तव्य का अवसर नहीं मिला। मीरा बाई का कहना है कि जब वह अपनी बात रखने वाली थीं, तभी उनका माइक भी हटा दिया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर विरोध तेज़ हो गया है। जनपद अध्यक्ष ने विधायक पर लगाए आरोप कार्यक्रम खत्म होने के बाद मीरा बाई परिहार ने कोलारस विधायक महेंद्र यादव पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें बोलने नहीं दिया और करीब एक साल से जनपद के विकास कार्यों में अड़चन डाली जा रही है। मीरा बाई ने बताया कि वह मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सीधे अपनी बात रखना चाहती थीं। उन्होंने विधायक से भी कहा था कि उन्हें महाराज से बोलने दिया जाए। आरोप है कि विधायक ने उन्हें वहीं से बोलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सीधे माइक से अपनी बात रखने की इच्छा जताई। चार बार दिल्ली जाने का भी किया दावा जनपद अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर वह चार बार दिल्ली जाकर अपनी बात रख चुकी हैं, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जनता के लिए काम करना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन जब उन्हें ही विकास कार्यों के लिए काम नहीं मिल रहा तो वह सरपंचों की मांगें कैसे पूरी करेंगी। उन्होंने अधिकारियों और बिचौलियों पर भी काम रोकने का आरोप लगाया। मीरा बाई के मुताबिक ऑनलाइन एंट्री तक नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने मीडिया के जरिए विकास फंड जल्द जारी करने की मांग की और कहा कि सुनवाई नहीं होने पर वह इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएंगी। विधायक बोले- माइक पर बात रखतीं तो मौका जरूर मिलता कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने बुधवार को अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मीरा बाई ने उनसे महाराज से कुछ कहने की बात कही थी। विधायक के मुताबिक उन्होंने जनपद अध्यक्ष से अपनी बात कागज पर लिखकर देने को कहा था, ताकि केंद्रीय मंत्री तक बात स्पष्ट रूप से पहुंचाई जा सके। महेंद्र यादव ने कहा कि अगर मीरा बाई माइक पर जनता और महाराज के सामने अपनी बात रखने की बात कहतीं तो उन्हें बोलने का अवसर जरूर दिया जाता। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री को कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के स्टॉपेज को हरी झंडी दिखानी थी। इसी वजह से मंडल अध्यक्ष, विधायक और सांसद को ही मंच से बोलने का अवसर दिया गया था। विधायक ने कहा कि मीरा बाई परिहार पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं। सिंधिया अभी शिवपुरी में ही हैं और वह उनसे मिलकर अपनी बात रख सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं जनपद अध्यक्ष से इस मामले में बात करेंगे। कोलारस को उज्जैनी एक्सप्रेस के नियमित स्टॉपेज की सौगात कार्यक्रम के दौरान कोलारस को रेल कनेक्टिविटी की सौगात भी मिली। केंद्रीय मंत्री एवं गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से रेल मंत्रालय ने कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/14310) के नियमित ठहराव को मंजूरी दी है। सिंधिया ने इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मांग रखी थी। वहीं, अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस (19801/19802) के ठहराव को भी मंजूरी मिली है।