समाचार · छत्तीसगढ़
देवरीखुर्द PHC में डॉक्टर नदारद, मरीज करते रहे इंतजार:बिलासपुर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए; नोटिस जारी
बिलासपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरीखुर्द में डॉक्टरों के नहीं रहने और मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करने के मामले को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने CMHO को तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। 31 अगस्त को देवरीखुर्द पीएचसी में डॉक्टरों की गैर-मौजूदगी और मरीजों के इलाज के लिए इंतजार करने का मामला सामने आया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस स्वास्थ्य केंद्र में कई सालों से किसी डॉक्टर की स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है। घटना वाले दिन प्रभारी डॉक्टर मनोज श्याम छुट्टी पर थे, जिसके कारण मरीजों को परेशानी हुई। CMHO और प्रभारी डॉक्टर ने फोन नहीं उठाया मामले में विभाग का पक्ष जानने के लिए CMHO डॉ. शुभा गढ़ेवाल से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। प्रभारी डॉक्टर मनोज श्याम ने भी फोन नहीं उठाया। कलेक्टर के निर्देश पर डॉक्टर को नोटिस कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रभारी डॉक्टर को नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता है। लापरवाही मिली तो होगी सख्त कार्रवाई कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।