समाचार · झारखंड
गुमला के टाइल्स टेक्नीशियन दुबई में करेंगे काम, शटरिंग कारपेंटरों को भी हैदराबाद में मिला रोजगार

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: गुमला जिला कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित कल्याण गुरुकुल गुमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके बैच संख्या 101 एवं 103 के प्रशिक्षुओं के लिए फ्लैग ऑफ सह नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान और जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया.
दुबई और हैदराबाद में रोजगार के लिए प्रशिक्षुओं का चयन
मौके पर विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. टाइल्स टेक्नीशियन ट्रेड के प्रशिक्षुओं का चयन संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में रोजगार हेतु हुआ है, जबकि शटरिंग कारपेंटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं का चयन हैदराबाद स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार के लिए किया गया है.
देश-विदेश में झारखंड का नाम रोशन करने का दिया संदेश
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्यस्थल पर अनुशासन, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिचय दें और अपने कार्य एवं व्यवहार से झारखंड और गुमला जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें. उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है. पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान ने युवाओं को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया. जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन ने कहा कि कल्याण गुरुकुल के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है. जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं.
दुबई-हैदराबाद के लिए युवा रवाना
कार्यक्रम के उपरांत दुबई और हैदराबाद जाने वाले युवाओं को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. समारोह में कल्याण गुरुकुल के प्राचार्य बृजकिशोर, रिटेंशन सेवक अवधेश पांडेय, सोर्सिंग असिस्टेंट मैनेजर धनंजय, स्थानीय वार्ड सदस्य पार्वती सहित संस्थान के प्रशिक्षकगण, कर्मी, चयनित अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें- पलामू: कैदी के फरार होने की उड़ी अफवाह, उग्र ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, SDPO ने शांत किया बवाल
यह भी पढ़ें- मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफसर की कमी पर एनएमसी सख्त, दिया 45 दिनों की मोहलत
यह भी पढ़ें- देवघर AIMS में ECHS सेवा को हरी झंडी, झारखंड-बिहार के हजारों पूर्व सैनिकों को अब नहीं जाना होगा दिल्ली-रांची