समाचार · पंजाब
गुरदासपुर में डकैती की साजिश करते 6 गैंगस्टर काबू:हथियार,कारतूस मिले, हत्या के प्रयास सहित कई केस, अमृतसर-पठानकोट के 3 बदमाश
गुरदासपुर के दीनानगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसी बड़ी डकैती या वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दाना मंडी पनियाड़ के पास से गिरोह के 6 सदस्यों को रंगे हाथों काबू किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही पंजाब के विभिन्न जिलों में लूटपाट, हत्या के प्रयास और नशा तस्करी (NDPS) के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे हथियार कहां से लाए थे और उनके निशाने पर कौन सी जगह या व्यक्ति था। मामले की गहनता से जांच जारी है। गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई दीनानगर के डीएसपी राजिंदर सिंह मन्हास ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत अपराध विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 अगस्त 2026 को थाना दीनानगर पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि दाना मंडी पनियाड़ के पास एक हिमाचल नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (HP-B-3888) में कुछ संदिग्ध और हथियारबंद युवक सवार हैं। ये आरोपी किसी बड़ी डकैती या आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी करके कार सवार सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उन पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद पुलिस द्वारा कार और आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से घातक हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो .30 बोर की पिस्तौल, मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस, एक कृपाण और तीन तेजधार दातर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद थाना दीनानगर में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 243 (दिनांक 20.08.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 310(5) (डकैती की तैयारी/साजिश) और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड (क्राइम हिस्ट्री) दीपक मल्होत्रा उर्फ सौरव (पठानकोट): इसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के 5 मामले दर्ज हैं। शेरप्रीत सिंह उर्फ गुलाबा (अमृतसर): इस पर हत्या के प्रयास (307), लूटपाट और आर्म्स एक्ट के 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। राहुल कुमार उर्फ रोटा (पठानकोट): इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लड़ाई-झगड़े और नशा तस्करी (NDPS) के सबसे ज्यादा 10 मामले दर्ज हैं। साहिल सैनी (तारागढ़): इसके खिलाफ मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 5 मामले दर्ज हैं। सनी उर्फ राजा (नवां पिंड बहादुर): इस पर हत्या के प्रयास (307) और आर्म्स एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज हैं। पंकज शर्मा उर्फ काका (दीनानगर): इसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।