समाचार · पश्चिम बंगाल
शुभेंदु अधिकारी से विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की मांग- अंडाल से दक्षिण भारत के लिए शुरू करें विमान सेवा

आसनसोल / दुर्गापुर से संतोष कुमार विश्वकर्मा की रिपोर्ट
पश्चिम बर्धमान सहित पूरे दक्षिण बंगाल में स्वास्थ्य, व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नयी गति देने के उद्देश्य से अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट (Kazi Nazrul Islam Airport, Andal) से हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग ने जोर पकड़ लिया है. आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर अंडाल एयरपोर्ट से दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए नियमित सीधी विमान सेवा (Direct Flights) शुरू करने का आग्रह किया.
मुलाकात उस समय हुई, जब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचे थे. इस दौरान दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय, महिला नेता काकोली घोष और आशा शर्मा सहित कई वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे.
दक्षिण भारत के लिए क्यों जरूरी है सीधी उड़ान?
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक बेल्ट के अलावा बीरभूम, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों से रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे दक्षिण भारत के शहरों में जाते हैं. इसके अलावा, बड़ी संख्या में छात्र और कारोबारी भी दक्षिण भारत की यात्रा करते हैं. अगर सीधी विमान सेवा शुरू होती है, तो गंभीर रूप से बीमार मरीजों कम समय में बेहतर इलाज के लिए वहां पहुंचने में आसानी होगी. औद्योगिक क्षेत्र (आसनसोल-दुर्गापुर) को देश के प्रमुख आईटी व औद्योगिक केंद्र सीधे जुड़ेंगे, तो नये निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
मुख्यमंत्री ने डीएम से मांगी रिपोर्ट
विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तुरंत सकारात्मक रुख अपनाया. उन्होंने वहीं पर संबंधित जिलाधिकारी (DM) को इस विषय में नागरिक उड्डयन विभाग और एयरलाइन कंपनियों से समन्वय बनाकर आवश्यक जानकारी और व्यवहार्यता रिपोर्ट (Feasibility Report) तैयार करने का निर्देश दिया.