Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

झाबुआ में होटल में चल रहा था जुआ:गुजरात के 5 जुआरी और संचालक सहित 6 गिरफ्तार

INT News12 August 2026 at 07:43 pm

झाबुआ पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पिटोल में एक होटल के कमरे में जुआ खेलते हुए गुजरात के पांच आरोपियों और होटल संचालक सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 81,700 रुपये का मशरूका जब्त किया है। यह कार्रवाई एसपी देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया और एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर-अहमदाबाद हाईवे क्रमांक-47 पर स्थित सागर होटल के ऊपरी कमरे में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तुरंत होटल सागर में दबिश दी। दबिश के दौरान कमरे में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपियों की तलाशी ली। उनके कब्जे से 26,700 रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक ताश की गड्डी बरामद हुई। जब्त किए गए कुल मशरूके का मूल्य लगभग 81,700 रुपये है। गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में होटल संचालक विजय पिता सुरेश चंद बढ़तवाल (निवासी पिटोल) शामिल हैं। अन्य पांच आरोपी गुजरात के दाहोद जिले के निवासी हैं: दीपल पिता सतीश देसाई (40 वर्ष, निवासी बंजारवाड़ा), अमित पिता रतनसिंह गणावा (32 वर्ष, निवासी रायली अर्बन हॉस्पिटल), राजुभाई पिता बच्चुभाई बारिया (41 वर्ष, निवासी वरमखेड़ा, थाना सालार), बाला पिता खुमान डामोर (45 वर्ष, निवासी संगा फलिया) और धारू पिता कालिया भाई बारिया (50 वर्ष, निवासी मांडव रोड)। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट और धारा 112 बी.एन.एस. के तहत अपराध क्रमांक 758/2026 पंजीबद्ध किया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।