समाचार · मध्य प्रदेश
70 की स्पीड में अल्टो कार कुएं में गिरी:छतरपुर में चार लोगों को सुरक्षित बचाया, एक की तलाश जारी
छतरपुर जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरी। कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। हादसा गहरवार गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अल्टो कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। देखें तस्वीरें… कार सवार चार लोगों को सुरक्षित निकाला
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार चार लोगों को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए एक युवक ने बताया कि कार करीब 70 की स्पीड में थी। कार में पांच लोग सवार होकर जटाशंकर धाम से आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। एक व्यक्ति के अभी भी कुएं में फंसे होने की आशंका है। पुलिस और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद घायलों की स्थिति और लापता व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी सामने आएगी।